केंद्रीय वित्त राज्यमंत्री संतोष गंगवार
- फोटो : amar ujala
केंद्रीय मंत्री संतोष गंगवार रेल मंत्री पीयूष गोयल को पत्र लिखकर आग्रह किया है कि लालकुआं-बरेली-हावड़ा सुपरफास्ट ट्रेन सप्ताह में तीन दिन चलाई जाए। इसके साथ ही इसका ठहराव बहेड़ी में कराए जाए।
रेलमंत्री को लिख पत्र में गंगवार ने कहा कि बहेड़ी और आसपास के इलाकों में बंगाली समुदाय बड़ी तादात में रहता है। हावड़ा के लिए एक साप्ताहिक ट्रेन बहेड़ी से होकर गुजरती है, लेकिन उसका यहां ठहराव नहीं है। इसका लाभ उस समुदाय को नहीं मिल पा रहा है। इसलिए इसका स्टापेज बहेड़ी में भी जरूरी है। गंगवार ने कहा कि सुपरफास्ट ट्रेेन एक दिन चलने से कोई ज्यादा लाभ यात्रियों को नहीं मिलता है। इसके साथ पूर्वोत्तर रेलवे की ट्रेनों में पेंट्रीकार सुविधा नहीं है। हावड़ा तक करीब 1500 किलोमीटर का सफर तय करने वाली ट्रेन में रसोईयान भी लगाया जाए।
गंगवार ने एक अन्य पत्र में कुमायूं एक्सप्रेस आगरा फोर्ट को फिर से चलाने का आग्रह रेलमंत्री से किया है। उनका कहना है कि आगरा तक ट्रैक बदला जा चुका है। इसलिए पुरानी सुविधा फिर से बहाल की जाए। इन सभी मुद्दों पर गंगवार सोमवार को रेलमंत्री से मुलाकात भी करेंगी।