बृजपाल गिरोह पर भमोरा पुलिस ने कसा शिकंजा
बरेली। नकबजनी और हत्या जैसे अपराधों में शामिल ब्रजपाल गिरोह पर भमोरा थाना पुलिस ने शिकंजा कसना शुरू कर दिया है। पुलिस ने गिरोह के तीन सदस्यों पर गैंगस्टर एक्ट के तहत कार्रवाई की है। इन सभी का गैंगचार्ट तैयार किया गया है।
थाना प्रभारी सनी चौधरी ने बताया कि क्षेत्र के निवासी बृजपाल उर्फ ब्रजलाल उर्फ सुआलाल, राकेश व रतिराम ने गिरोह बना रखा है। गिरोह का सरगना बृजपाल है जो अपने साथियों राकेश और रतिराम के साथ मिलकर चोरी, नकबजनी और मादक पदार्थों की तस्करी जैसे अपराध करता है। गिरोह जिला स्तर पर सक्रिय है और इनका इलाके में आतंक है।
गिरोह के सदस्यों के खिलाफ विभिन्न थानों में मुकदमे दर्ज हैं। एसओ ने बताया कि गिरोह की गतिविधियों का पूरा गैंग चार्ट तैयार कर उन्होंने उच्चाधिकारियों को भेजा। इस पर एसएसपी व डीएम स्तर से मुहर लगाई गई है। ब्यूरो