चार चोरों में से तीन गिरफ्तार, चौथा फरार, चोरी का सामान किया बरामद
भोजीपुरा। पुलिस ने सरकारी स्कूलों से चोरी करने वाले गिरोह का पर्दाफाश करते हुए तीन चोरों को गिरफ्तार किया है। हालांकि चौथा चोर मौके का फायदा उठाकर फरार हो गया। चोरों के कब्जे से स्कूलों से चोरी किया गया सामान बरामद किया है। चोरों ने बिथरी चैनपुर व भुता इलाके के सरकारी स्कूलों में चोरी के जुर्म को स्वीकार किया है।
चोरी घटनाओं के खुलासे के लिए प्रभारी निरीक्षक भोजीपुरा प्रवीन सोलंकी, एसओजी प्रभारी सुनील कुमार शर्मा, सर्विलांस प्रभारी रामगोपाल शर्मा, एसआई सुखदेव सिंह, उप निरीक्षक नवीन कुमार आदि रविवार की रात क्षेत्र के रिठौरा रोड पर गश्त पर थे। तभी रात्रि साढ़े ग्यारह बजे मनेहरा गांव के अगले बिजली टावर के पास चार लोग दिखाई दिए। पुलिस ने घेराबंदी करके तीन को पकड़ लिया। अंधेरे का फायदा उठाकर एक चोर मौके से भागने में सफल रहा।
प्रभारी निरीक्षक प्रवीन सोलंकी ने बताया कि पकड़े गए चोरों में रिषभ सक्सेना, दिनेश, अरुण कुमार निवासी भंडसर थाना हाफिजगंज को मौके से गिरफ्तार कर लिया गया, जबकि सर्वेश कुमार निवासी टांडा छंगा थाना शीशगढ़ हाल निवासी भंडसर थाना हाफिजगंज अंधेरे का फायदा उठाकर मौके से फरार हो गया। पुलिस पकड़े गए चोरों के कब्जे से तीन एलईडी टीवी, चार गैस सिलिंडर, 55 स्टील के गिलास, एक सोलर प्लेट, सात ब्लुटूथ स्पीकर, छह बैटरी, दो इंर्वटर, चार हजार रुपये व दो टूटे हुए ताले बरामद हुए।
आरोपियों पर पहले से दर्ज हैं कई मुकदमे
प्रभारी निरीक्षक ने बताया कि रिषभ सक्सेना पर भोजीपुरा, भुता, विथरी चैनपुर में आठ, दिनेश सक्सेना पर नौ, अरुण पर आठ व फरार आरोपी सर्वेश के खिलाफ चोरी लूट आर्म्स एक्ट आदि के 15 मुकदमे दर्ज हैं। संवाद