बरेली। डीजीपी के मौखिक निर्देश में सड़क या सड़क से सटाकर कोई आयोजन करने की साफ मनाही की गई थी। जलसों और जुलूसों के शहर में फिलहाल ये व्यवस्था पूरी तरह लागू नहीं हो पा रही। गणेशोत्सव के दौरान सड़क पर हो रहे कार्यक्रम इसका प्रमाण दे रहे हैं। पुलिस अपनी ओर से यातायात व्यवस्था दुरुस्त रखने का दावा कर रही है।
हाल ही में डीजीपी ओपी सिंह ने एक बयान जारी कर निर्देश दिए थे कि सड़क पर कोई भी आयोजन नहीं किया जाएगा। इसी को आधार मानकर चौकी चौराहे की मस्जिद के प्रबंधन ने खुद ही अधिकतम दो लाइनों में सड़क पर नमाज पढ़ना बंद कर दिया है। इस क्रम में चौकी चौराहे पर मेन रोड से सटाकर गणेश पूजन का भव्य कार्यक्रम किया जाना लोगों को चौंका रहा है। मस्जिद की दूसरी साइड में बदायूं रोड से सटाकर पंडाल लगाया गया है। गनीमत है कि इसमें सड़क को नहीं घेरा गया है। ये कार्यक्रम करीब छह दिन और चलेगा।
वहीं, गणेशोत्सव का ही दूसरा बड़ा आयोजन मंगलवार को हनुमान मंदिर के सामने होगा। इसमें भी सड़क किनारे विशाल पंडाल लगाया जाएगा जिसमें सड़क का कुछ हिस्सा भी घेरा जा सकता है। हालांकि ये कार्यक्रम कुछ घंटों का ही होगा। इंस्पेक्टर कोतवाली गीतेश कपिल ने बताया कि दोनों ही कार्यक्रमों को प्रशासन ने अनुमति दी है। आयोजकों ने अपनी ओर से सड़क न घेरने का दावा किया है। वहीं पुलिस भी ध्यान रखेगी कि राहगीरों को समस्या न हो।