बहेड़ी के गांव डंडिया नगला में चकबंदी के दौरान एक हेक्टेयर भूमि किसी और व्यक्ति के नाम दर्ज करने का मामला सामने आया है। पीड़िता ने चकबंदी अधिकारियों पर गंभीर आरोप लगाते हुए डीएम से शिकायत की है। मामले की जांच जिला बंदोबस्त चकबंदी अधिकारी को सौंपी गई है।
तहसील बहेड़ी के ग्राम भोजपुर निवासी उर्मिला देवी ने डीएम से शिकायत कर कहा है कि ग्राम डंडिया नगला स्थित उसके खेत गाटा संख्या 125, रकबा 1.040 हेक्टेयर भूमि जोत चकबंदी आकार पत्र 5 में सांठगांठ कर फर्जी तरीके से दूसरे के नाम दर्ज करा दी गयी। आरोप है कि बिना किसी वैध कागजात और नोटिस के बिना ऐसा कर दिया गया। चकबंदी अधिकारियों पर सांठगांठ कर भूमि किसी और के नाम दर्ज करने का आरोप लगाया गया है। उर्मिला ने चकबंदी विभाग पर नियमों का उल्लंघन करने का आरोप लगाया है। उर्मिला ने शिकायत में कहा है कि रजिस्टर्ड वसीयत 10 जुलाई 1991 के आधार पर होरीलाल की पुत्री उर्मिला देवी पत्नी हीरा लाल के नाम बतौर वारिस दर्ज हुई थी। उर्मिला ने चकबंदी आकृति पत्र 5 में जालसाजी व फर्जी तरीके से दूसरे के नाम की गयी प्रवृष्टि को तत्काल निरस्त करने की मांग की है। इस संबंध में बंदोबस्त चकबंदी अधिकारी पवन कुमार सिंह का कहना है कि शिकायत अभी मिली नहीं है। डाक में दिखवाकर जांच कराई जाएगी। जांच के बाद कुछ बता सकते हैं।