बरेली। खाद्य सुरक्षा व औषधि प्रशासन (एफएसडीए) विभाग ने तीसरे दिन भी मोबाइल लैब पर मुफ्त में सैंपल जांच कर रिपोर्ट सौंपी। तीसरे दिन आंवला और सीबीगंज 59 नमूने चेक हुए, इनमें चटनी, पानी, दूध और मिठाइयों में मिलावट पाई गई। लैब सोमवार शाम बदायूं रवाना हो गई। सोमवार सुबह दस बजे एफएसडीए की मोबाइल लैब सीबीगंज पहुंची। वहां पहले से ही लोग अपने सैंपल जांच कराने के लिए खड़े थे। चटनी, गोलगप्पा, पानी, दूध, बर्फी, बेसन आदि समेत 23 सैंपल चेक हुए। इनमें गोलगप्पा, चटनी में अखाद्य रंग और मिठाइयाें में गड़बड़ी मिली। आंवला में 36 नमूने चेक हुए वहां पर दो पीने के पानी के नमूने फेल हो गए और दूध भी संदिग्ध मिला। जिला अभिहित अधिकारी धर्मराज मिश्रा ने बताया कि तीन दिन तक मुफ्त में सैंपल चेक किए और लोगों को मिलावट के प्रति सजग किया गया।