बरेली। हाईस्कूल की छमाही परीक्षा छूटने से क्षुब्ध एक छात्रा ने चौपुला पुल से कूदकर जान देने की कोशिश की। यातायात पुलिस के दरोगा व राहगीरों ने उसकी जान बचाकर उसे मां के साथ घर भेज दिया गया।
सुभाषनगर थाना क्षेत्र की एक कॉलोनी में रहने वाली हाईस्कूल की छात्रा के पिता की मृत्यु हो चुकी है। वह मां के साथ ही रहती है। बताते हैं कि शुक्रवार दोपहर चौपुला पुल पर पहुंची, वहां उसने पुल से कूदने के लिए पैर नीचे किए। इससे पहले कि वह कूद पाती, यातायात पुलिस के उप निरीक्षक मनीष दुबे और राहगीरों ने उसे पकड़ लिया और रेलिंग से उतार लिया। इस दौरान उसी की कॉलोनी का एक व्यक्ति वहां आ गया। उसने पुलिस से कॉल कराकर उसकी मां को बुला लिया। सुभाषनगर थाना के चीता बाइक के सिपाही भी आ गए। उन्होंने छात्रा को उसकी मां के साथ भेज दिया।
सुभाषनगर थाना प्रभारी मदन मोहन चतुर्वेदी ने बताया कि छात्रा की मां ने बताया कि उसकी हाईस्कूल की छमाही परीक्षा चल रही हैं। वह देरी से परीक्षा में पहुंची थी, तो उसे बैठाया नहीं गया। इस वजह से वह तनाव में थी और उसने जान देने की कोशिश की। उसे समझा दिया गया है।