स्वच्छता सर्वेक्षण में बरेली को टॉप 10 शहरों की सूची में शामिल करवाने के लिए नगर निगम प्रशासन मुस्तैदी से जुट गया है। नगर आयुक्त आरके श्रीवास्तव ने होटल एसोसिएशन के साथ बृहस्पतिवार को बैठक कर स्वच्छता सर्वेक्षण का ब्योरा समझाया। कहा, सुप्रीम कोर्ट के आदेशानुसार चाहे होटल हो या पेट्रोल पंप.. जरूरत पर किसी को भी टॉयलेट का इस्तेमाल करने से नहीं रोका जा सकता है। सर्वेक्षण में 100 नंबर होटलों में साफ-सफाई के भी मिलेंगे। उन्होंने होटल संचालकों से बरेली को टॉप टेन की सूची में शामिल कराने में सहयोग की अपील की।
नावल्टी स्थित एक होटल में आयोजित कार्यशाला के दौरान नगर आयुक्त ने कहा कि केंद्र सरकार दिसंबर से जनवरी के बीच एक बार फिर स्वच्छता के पैमाने पर सभी शहराें को परखेगी। पिछली बार बरेली को 298वीं रैंक मिली थी, इससे हर बरेलीवासी का सिर शर्म से झुक गया था, इस बार कोशिश करके इसे टॉप टेन में ला सकते हैं। होटल एसोसिएशन के पदाधिकारियों से उन्होंने कहा कि वे होटलों में सफाई और स्वच्छता बनाए रखें। प्रॉपर तरीके से साइन बोर्ड लगे हों और पब्लिक टॉयलेट साफ हों। अगर कोई बाहरी व्यक्ति भी टॉयलेट का प्रयोग करना चाहे तो उसे प्रयोग करने दें क्योंकि यह कोर्ट का आदेश है। पार्किंग की व्यवस्था भी सही होनी चाहिए। नगर आयुक्त ने कहा कि सर्वेक्षण करने वाली टीम शहर में सभी लोगों से फीडबैक लेगी। कार्यशाला में अपर नगर आयुक्त ईश शक्ति सिंह, मुख्य अभियंता एस. अंबेडकर, नगर स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. अशोक कुमार, लेखा अधिकारी, होटल एसोसिएशन के अध्यक्ष गरीश ओबराय आदि मौजूद रहे।
होटल में इन मानकों पर मिलेंगे 100 नंबर
सुरक्षित चहारदीवारी, प्रवेश और निकास गेट की अच्छी व्यवस्था, पाथ वे, गलियारा, रंगीन कूड़ेदान, कचरे का डस्टबिन, कूड़ा एकत्र करने के उपकरण, सफाई उपकरण, कर्मचारियों के लिए शौचालय, पुरुष-महिला के अलग शौचालय, सीढ़ी की स्थिति, पीने योग्य पानी की उपलब्धता, बाग-बगीचे की स्थिति, होटल परिसर की सफाई, कूड़े का निस्तारण।
गूगल बताएगा कहां मिलेगा टॉयलेट
नगर आयुक्त ने कहा कि शहर में सेटेलाइट नक्शे को गूगल मैप में फीड किया गया है। इसमें शौचालयों को विशेष तौर पर दिखाया गया है। आप गूगल मैप पर जाकर अगर बरेली में टॉयलेट खोजना चाहते हैं तो वह आपको सही लोकेशन बताएगा। अभी कई और चीजें फीड कराई जा रही हैं।