मुफ्त गैस कनेक्शन मिलने के बाद गरीबों को भी लकड़ी वाले धुएं के चूल्हे से निजात मिल गई है। गरीबों को मुफ्त घरेलू रसोई गैस कनेक्शन देने की योजना उज्जवला जिले में शनिवार से शुरू हो गई। केंद्रीय वस्त्र मंत्री ने ग्रामीण एजेंसियों पर इसकी शुरूआत कर कनेक्शन वितरित कराए। पहले दिन 778 कनेक्शन दिए गए। शनिवार दोपहर केंद्रीय वस्त्र राज्यमंत्री (स्वतंत्र प्रभार) संतोष गंगवार ने शेरगढ़ और मीरगंज स्थित गैस एजेंसियों पर मुफ्त कनेक्शन वितरित करते हुए कहा कि सरकार गांव गांव बिजली, गैस और पानी पहुुंचाना चाहती है। गैस कनेक्शन धारक को दो लाख रुपये का बीमा भी देय है। प्रधानमंत्री ने महिला सम्मान कार्यक्रम शुरू किए हैं। गरीबों को कनेक्शन मिलने पर धुंआ प्रदूषण मुक्त माहौल बनेगा और महिलाओं को चूल्हा नहीं फूंकना होगा। इस मौके पर बहोरन लाल मौर्य, गुलशन आनंद, भारत भूषण शील, वीरेन्द्र वीरु, डीसी वर्मा आदि ने विचार रखे।
एक परिवार में एक कनेक्शन मुफ्त
वन फैमली वन कनेक्शन योजना के तहत गरीब परिवारों को मुफ्त कनेक्शन मिलेगा। क्षेत्रीय प्रबंधक भारत पेट्रोलियम कारपोरेशन अनिल कुमार वर्मा ने बताया कि योजना में एक सिलेंडर, रेगुलेटर, रबर ट्यूब आदि मिलेगा। गैस और चूल्हा किश्तों पर उपलब्ध है। चूल्हा कीमत 990 रुपये और गैस 578 रुपये है। कार्यक्रम में हिमांशु स्वान, अर्पित गोयल, एचपीसी प्रबंधक सौरभ यादव आदि मौजूद रहे।
बीपीसी नोडल कंपनी
जिले में उज्जवला गैस योजना लागू करने के लिए पेट्रोलियम मंत्रालय ने बीपीसी प्रबंधक विकास सिंह नोडल अधिकारी नामित किए गए हैं।