बरेली में जालसाजों ने खुद को कंडोम सप्लाई करने वाली फर्म का कर्मचारी बताकर कारोबारी से चार लाख रुपये ले लिए। कंडोम की पूरी भी सप्लाई भी नहीं की। जो आपूर्ति दी, वह भी घटिया निकली। पीड़ित ने एसएसपी से पूरे मामले की शिकायत की। एसएसपी के आदेश पर बारादरी थाने में आठ लोगों के खिलाफ धोखाधड़ी का मामला दर्ज किया गया है।
दुर्गानगर निवासी विवेक पटेल ने इंस्पेक्टर धनंजय पांडेय को बताया कि वह बीएलवाई फर्म के प्रोपराइटर हैं। उनकी फर्म रामगंगानगर बिचपुरी में काम करती है। विवेक के दफ्तर में मठ कमल नयनपुर बीडीए कॉलोनी निवासी अमित जौहरी आया। अमित ने बताया कि वह एएसएम शाइशा प्रोफिलेक्टिक प्राइवेट लिमिटेड कंपनी में काम करता है। अमित ने अतुल का परिचय कराते हुए बताया कि यह हमारे साथ काम करते हैं।
कारोबारी को बातों में फंसाया
दोनों ने अपनी कंपनी के कंडोम दिखाए। दोनों ने बताया कि उनकी कंपनी सरकारी अस्पतालों में एक नामी ब्रांड के कंडोम की सप्लाई करती है। अब कंपनी खुले बाजार में दूसरे नाम से कंडोम ला रही है। इसलिए सुपर स्टॉकिस्ट की आवश्यकता है। बताया कि डिस्ट्रिब्यूटर और रुपये की जिम्मेदारी उनकी होगी। इनकी टीम में प्रयागराज का प्रशांत द्विवेदी, नई दिल्ली का प्रदीप पांडेय, हापुड़ का रानू शंकर शर्मा, ग्रेटर नोएडा का धीरज और शाहबाद बरेली निवासी अमित बघेल उर्फ विक्की शामिल हैं। प्रशांत ने विवेक की बात शशांक शेखर गौड़ से कराई।
शशांक ने खुद को कंपनी का डायरेक्टर बताकर औरंगाबाद बुलाया। विवेक ने झांसे में आकर चार लाख रुपये इन लोगों को दे दिए। इसके बाद भी माल की सप्लाई नहीं हुई। निर्माण नहीं होने का बहाना बनाया। ज्यादा कहा तो पचास हजार रुपये कीमत के घटिया कंडोम भेज दिए। जब रुपये मांगे तो आरोपी जान से मारने की धमकी देने लगे। बारादरी इंस्पेक्टर ने बताया कि मामला दर्ज कर विवेचना की जा रही है।