नवाबगंज (बरेली)। कैनविज कंपनी के निदेशक कन्हैया लाल गुलाटी और दो एजेंटों के खिलाफ थाना पुलिस ने रकम दोगुनी करने का झांसा देकर 12 लाख रुपये ठगी का मामला दर्ज किया है। कन्हैया गुलाटी, उसकी पत्नी और बेटे समेत सहयोगियों के खिलाफ अब तक जिले के अलग-अलग थानों में 100 से ज्यादा मामले दर्ज हो चुके हैं। भोजीपुरा क्षेत्र के गांव गौटिया रूपपुर निवासी हरिचंद ने पुलिस को बताया कि पांच अप्रैल 2024 को क्योलड़िया के मेथी नवदिया निवासी गोपाल सरन और जगतपाल मौर्य उनके पास आए।
दोनों ने खुद को कैनविज सेल्स एंड मार्केटिंग कंपनी का एजेंट बताते हुए कहा कि कंपनी में रुपये जमा करने पर 20 महीने में दोगुनी रकम वापस मिलेगी। उनसे कन्हैया लाल गुलाटी से भी मुलाकात की। आरोप है कि उसने भी रकम दोगुनी करने का भरोसा दिया। पीड़ित ने बताया कि उसने झांसे में आकर 12 लाख रुपये जमा कर दिए। इसमें आठ लाख रुपये पंजाब नेशनल बैंक की नवाबगंज शाखा से कंपनी के खाते में ट्रांसफर किए गए, जबकि चार लाख रुपये आरोपी गोपाल सरन को नकद दिए गए। निर्धारित समय बीतने के बाद भी उसे न तो रकम दोगुनी करके वापस मिली और न ही उसका मूलधन लौटाया गया।
रुपये वापस मांगने पर आरोपी उसे फर्जी मुकदमे में फंसाने और धमकी देने लगे। सीओ सुनील कुमार सिंह ने बताया कि कन्हैया लाल गुलाटी, गोपाल सरन, जगतपाल मौर्य के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर ली गई है।