बरेली। एक हाउसिंग फाइनेंस कंपनी से होम लोन लेकर पिता-पुत्र ने 10.87 लाख रुपये का चूना लगा दिया। फर्जीवाड़ा सामने आने के बाद कंपनी के लीगल मैनेजर की ओर से इज्जतनगर थाने में पिता-पुत्र के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई है। आरोप है कि होम लोन की गारंटी के नाम पर फर्जी बैनामा पेश किया गया। हिंदुजा हाउसिंग फाइनेंस कंपनी की स्वालेनगर शाखा से गोल्डन ग्रीन पार्क के रहने वाले भगवान सिंह ने हाउस लोन के लिए 2016 में आवेदन किया था। आवेदन की जांच समेत अन्य औपचारिकताओं के बाद कंपनी ने नवंबर 2016 में भगवान सिंह का 10.87 लाख रुपया हाउस लोन में स्वीकृत कर दिया। इसके लिए कंपनी और भगवान सिंह के बीच एक अनुबंध भी हुआ। सह आवेदक भगवान सिंह के पुत्र भानु यादव की ओर से दिसंबर 2016 में गारंटी के तौर पर एक बैनामा दिया गया। बाद में पता लगा कि इसमें फर्जीवाड़ा हुआ है। हाउसिंग फाइनेंस कंपनी के लीगल मैनेजर अंकित सक्सेना की ओर से इज्जतनगर थाने में भगवान सिंह और भानु यादव के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई गई है। इज्जतनगर थाने के इंस्पेक्टर केके वर्मा का कहना है कि रिपोर्ट दर्ज कर ली गई है। विवेचना में सच्चाई सामने आ जाएगी।