दोगुनी सप्लाई मंगाने से मंडी में भरा प्याज खराब होने के डर से आढ़ती मायूस
स्टाक सीमा तय, थोक 50 और खुदरा स्टाक 10 टन, आलू के दाम 5 रुपये तक गिरे
बरेली। दिल्ली, लखनऊ और एनसीआर में अचानक प्याज के दामों में आए उछाल को देखते हुए यहां के कारोबारियों ने बड़ी मात्रा में प्याज मंगा लिया। इसका असर यह हुआ कि मंडी में 20-25 रुपये प्रति किलो दाम गिर गए। आलू के दाम भी पांच रुपये प्रति किलो कम हुए हैं। उधर, बाजार में अचानक प्याज और आलू की बढ़ती कीमतों पर सरकार भी सख्त हो गई है। मुनाफाखोरी रोकने के लिए भंडारण सीमा तय कर दी गई है। इसके तहत थोक 50 और खुदरा कारोबारी 10 टन प्याज का भंडारण कर सकते हैं। शासन ने कीमतों पर लगाम लगाने के लिए प्रशासन को प्रवर्तन कार्रवाई करने के निर्देश दिए हैं। स्टाक पर अंकुश लगने से व्यापारियों में हड़कंप मचा हुआ है।
विभिन्न शहरों में प्याज के दाम रातोरात बढ़ गए थे। इस पर सरकार ने 30 नवंबर तक के लिए प्याज की भंडारण सीमा तय कर दी है। गुरुवार सुबह थोक मंडी में मांग से दोगुनी प्याज आने से दामों में 20-25 रुपये प्रति किलो तक गिरावट आ गई है। कारोबारियों ने बताया कि बंदरगाह पर मिस्र से आई प्याज पहुंच चुकी है। यह प्याज बरेली और आसपास मंडियों में पहुंच रही है। हालांकि पूना, अलवर, बंगलूरू, हुबली आदि स्थानों पर हुई बारिश से उपज प्रभावित हुई है। थोक व्यापारी कमर अख्तर ने बताया है कि आमद दोगुनी होने से कारोबारियों को नुकसान उठाकर प्याज बेचना पड़ रहा है। यानी जो प्याज अभी तक उपभोक्ताओं को परेशान कर रहा था, वह अब व्यापारियों को रुला रहा है। उन्होंने बताया कि आलू के दामों में भी गिरावट आई है। आमद ज्यादा और मांग कम होने से नुकसान में कारोबार हो रहा है। उधर, शासन ने मुनाफाखोरों पर छापा की कार्रवाई करने के निर्देश दिए हैं।
गुरुवार भाव
सब्जी थोक भाव (रुपये प्रति किलो)
पुरानी प्याज 40-45
नई प्याज 20-25
आलू चिपसोना 12-13
आलू पूना 15-17
आलू पंजाब 17-18
टमाटर 25-30
लौकी 8-10
मटर 60-90
धनिया 15-20
मिर्च 12-15
बैगन 6-7
सेम 14-15
करेला 12-15
(खुदरा में पांच से दस रुपये तक दाम बढ़ जाते हैं)
‘मंडी में आलू-प्याज और अन्य सब्जियां भरपूर मात्रा में हैं। उपभोक्ता भ्रामक प्रचार से बचें, क्योंकि सीजनल सब्जियों की कीमतें हर शहर में अलग हो सकती हैं। यहां ज्यादा आमद से प्याज-आलू के दाम और गिर गए हैं।’
- शुजा उर रहमान, अध्यक्ष, डेलापीर सब्जी मण्डी