बरेली। ओएलएक्स पर आल्टो कार का खरीदने के लिए सौदा कर एक फौजी ठगी का शिकार हो गया। फौजी के भाई ने एसएसपी से मिलकर कार्रवाई की मांग की है। एसएसपी ने इज्जतनगर पुलिस को रिपोर्ट दर्ज कर कार्रवाई के निर्देश दिए हैं।
इज्जतनगर थाने के गांव डंडिया भंडसर के मोहम्मद यूसुफ फौजी हैं। इन दिनों उनकी तैनाती मणिपुर राज्य के इंफाल में है। यूसुफ के भाई इब्राहीम ने ओएलएक्स पर आल्टो कार बिक्री का विज्ञापन देखा था। इसके साथ एक मोबाइल नंबर भी था। बात करने पर कार बेचने वाले ने खुद का नाम नवीन निवासी जनकपुरी दिल्ली बताया। इब्राहीम और नवीन के बीच सौदा हुआ। नवीन ने कार एअरपोर्ट पर खड़ी होने की बात बताई। इब्राहीम से कहा कि कार को वहां से निकालने के लिए गेट पास में 5150 रुपये खर्च होंगे। इसके बाद इब्राहीम ने अपने भाई यूसुफ से बात की। यूसुफ ने नवीन के बताए पेटीएम एकाउंट में यह रुपये जमा कर दिए। इसके बाद इब्राहीम और नवीन की फिर से बात हुई। इस बार नवीन ने पूरा भुगतान करने को कहा, यूसुफ ने पेटीएम के जरिए 51 हजार और भुगतान कर दिया। कार बेचने वाले ने पांच सितंबर को इब्राहीम को आनंद बिहार दिल्ली बुलाया और कहा कि वहीं वह कार उसको सौंप देगा। इब्राहीम दिल्ली पहुंचा, लेकिन कार उसे नहीं मिला। नवीन का मोबाइल नंबर भी बंद हो गया। इसके बाद उसे ठगी का अहसास हुआ। एसएसपी शैलेश पांडेय ने इज्जतनगर पुलिस को रिपोर्ट दर्ज कर कार्रवाई के निर्देश दिए हैं।