बरेली। एक ऑनलाइन स्टोर पर शापिंग करते वक्त साइबर ठगों द्वारा ट्रैक होने पर एक महिला के पास फोन पर ईनाम में एक एसयूवी कार जीतने का मेसेज आया। ठगों ने कार लेने के लिए जीएसटी भरने नाम पर महिला से हजारों लिए और फिर संपर्क बंद कर दिया। ठगी का एहसास होने पर पीड़िता शिकायत पर लेकर शनिवार को एसएसपी कार्यालय पहुंची। यहां मौजूद एसपी क्राइम रमेश कुमार भारतीय ने मामले में जांच के आदेश दिए हैं।
इज्जतनगर क्षेत्र के कर्मचारी नगर में रामा होम्स निवासी ऋचा शर्मा ने बृहस्पतिवार को एक ऑनलाइन शापिंग साइट अमेजन पर घरेली सामान की खरीददारी की थी। बताया कि शापिंग के बाद उनके फोन एक मेसेज आया जिसमें साइट पर बिक रहे एक प्रोडक्ट की डील थी। साथ ही उसमें यह भी बताया गया था कि उन्होंने ईनाम में कुछ बोनस प्वाइंट और एक 14,80,000 रुपये की एसयूवी कार जीती है। मेसेज के अंत में एक टोल फ्री नंबर भी दिया गया था। ऋचा के मुताबिक फोन पर व्यक्ति ने उन्हें कार पाने के लिए उसकी कीमत पर लगी जीएसटी जमा करने की बात की। इसके चलते उन्होंने एक बैंक में बाल किशन नाम के खाता धारक के खाते में 4,999 रुपये, अमित कुमार के में 20,000 रुपये और मुबीन अहमद के खाते में 25,200 रुपये जमा कर दिए। आरोप है कि ठगे ने ईनाम के नाम पर उनसे 50 हजार रुपये ठग लिए।