बरेली। रुहेलखंड विश्वविद्यालय में एमबीए पाठ्यक्रमों के लिए चौथी काउंसलिंग सात अगस्त को होगी। यह काउंसलिंग अनुसूचित जाति, अनुसूचित जनजाति और आर्थिक रूप से कमजोर वर्ग की रिक्त सीटों को भरने के लिए है। इसमें एमबीए (मार्केटिंग) और एमबीए (एग्जीक्यूटिव) पाठ्यक्रमों में प्रवेश दिया जाएगा।
काउंसलिंग प्रबंधन संकाय में सुबह 9.30 बजे से शुरू होगी। विभागाध्यक्ष त्रिलोचन शर्मा ने बताया कि समर्थ पोर्टल पर पंजीकरण कराने वाले अभ्यर्थी इसमें शामिल हो सकते हैं। जो अभ्यर्थी पिछली काउंसलिंग में प्रवेश नहीं ले पाए थे, वे भी इस अवसर का लाभ उठा सकते हैं। प्रवेश प्रक्रिया शासन की आरक्षण नीति और विश्वविद्यालय के नियमों के अनुसार होगी। रिक्त आरक्षित सीटों का आवंटन शासनादेशों के अनुरूप किया जाएगा। श्रेणियों में परिवर्तन भी प्रचलित नियमों के अनुसार होगा। अभ्यर्थियों को समर्थ पोर्टल का पंजीकरण फॉर्म, स्नातक की अंकतालिकाएं और उपाधि या अंतिम वर्ष की मार्कशीट लानी होगी। स्थानांतरण प्रमाणपत्र, चरित्र प्रमाणपत्र और वैध फोटो पहचान पत्र भी आवश्यक हैं। यदि लागू हो तो प्रोविजनल प्रमाणपत्र, अंतराल प्रमाणपत्र, जाति या आर्थिक रूप से कमजोर वर्ग का प्रमाणपत्र भी प्रस्तुत करना होगा।
विश्वविद्यालय के व्यवसाय प्रबंधन विभाग में इसी वर्ष शुरू हुए बीबीए पाठ्यक्रम में 40 में से 20 सीटें भरी हैं। विभागाध्यक्ष त्रिलोचन शर्मा ने बताया कि यह कोर्स चार साल का विशेष पाठ्यक्रम है। बीएमएस में भी करीब 25 प्रवेश हो चुके हैं। होटल मैनेजमेंट विभाग में शुरू हुए बीएससी टूरिज्म डिग्री पाठ्यक्रम में दस सीटें भरी हैं। इन सभी पाठ्यक्रमों में इस समय प्रवेश जारी हैं। हाल ही में होटल मैनेजमेंट विभाग में सात डिप्लोमा कोर्स का प्रस्ताव राज्यपाल को भेजा गया है, इससे भी विद्यार्थियों को भविष्य में फायदा होगा।
फार्मेसी सीटों पर काउंसलिंग आठ अगस्त को
रुहेलखंड विश्वविद्यालय के फार्मेसी विभाग की बची हुई सीटों पर तीसरी काउंसलिंग आठ अगस्त को होगी। बीफार्मा में लैटरल एंट्री की दो आरक्षित सीटें बची हैं। इनमें एक ओबीसी महिला और एक अन्य ओबीसी ओपन श्रेणी की सीट है। एमफार्म में कुल तीन सीटें शेष हैं। इनमें फार्माकेमिस्ट्री पाठ्यक्रम में दो एससी श्रेणी की और फार्मास्युटिकल पाठ्यक्रम में एक ईडब्ल्यूएस की सीट बाकी है।