आंवला। पुलिस ने पिछले महीने सिकरौड़ा गांव मोड़ पर मिले संरक्षित पशुओं के अवशेष मामले में बुधवार को चौथे आरोपी को गिरफ्तार किया। इस गिरफ्तारी के साथ ही गोवध कांड के सभी मुख्य आरोपी पुलिस की गिरफ्त में आ गए हैं। गिरफ्तार आरोपी सरदार उर्फ नीशू को कोर्ट में पेश कर जेल भेज दिया गया है।
पुलिस ने अलीगंज रोड रेलवे फाटक के पास से सरदार उर्फ नीशू को पकड़ा। उसकी उम्र करीब 23 वर्ष है और वह बिजनौर के जलीलपुर गांव का निवासी है। उसके पास से एक तमंचा और कारतूस बरामद हुआ। सीओ हेमंत उपाध्याय ने बताया कि आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए चार पुलिस टीमें बनाई गई थीं। पुलिस ने लगातार दबिश देकर आरोपियों को एक-एक कर गिरफ्तार किया। घटना वाले दिन मुठभेड़ में हैदर अली और शाहरुख को पकड़ा गया था। 31 अक्तूबर को 25,000 रुपये के इनामी छोटा उर्फ रिजवान को भी मुठभेड़ के दौरान गिरफ्तार किया गया।
पूछताछ में सरदार उर्फ नीशू ने गोवध की बात कबूल की। उसने बताया कि घटना की रात उसने अपने साथियों शाहरुख, हैदर अली और छोटा उर्फ रिजवान के साथ मिलकर आंवला-बदायूं रोड पर संरक्षित पशु का वध किया था। पशु को वाहन से ले जाते समय अधिक बारिश के कारण वाहन खेत में फंस गया। पुलिस गश्त के दौरान टॉर्च की रोशनी पड़ने पर सभी मौके से फरार हो गए थे। संवाद
आरोपी पर कई मामले है दर्ज
आरोपी सरदार उर्फ नीशू के विरुद्ध मुरादाबाद के थाना मझौला, बरेली में आर्म्स एक्ट व थाना आंवला में गोवध अधिनियम व आर्म्स एक्ट के मामले दर्ज हैं। पुलिस का कहना है कि आरोपी शातिर किस्म का अपराधी है और उसके अन्य आपराधिक इतिहास की भी जांच की जा रही है।