बरेली के टिसुआ में बृहस्पतिवार रात हुए हादसे में चार साल के बच्चे की मौत हो गई। वह अपने पिता व मौसी के साथ ननिहाल जा रहा था। रास्ते में पेशाब आने पर टेंपो से उतरा। सड़क पार करते समय तेज रफ्तार बाइक ने उसे टक्कर मार दी।
बरेली के फतेहगंज पूर्वी थाना क्षेत्र में टिसुआ के पास भदपुरा मोड़ पर बाइक की टक्कर से चार साल के बच्चे की मौत हो गई। हादसा बृहस्पतिवार रात करीब नौ बजे हुआ। वह अपने पिता और मौसी के साथ नानी के घर जा रहा था। इकलौते बेटे की मौत से परिवार में कोहराम मच गया। पुलिस ने उसका पोस्टमॉर्टम कराया है।
विज्ञापन
शाहजहांपुर के मीरानपुर कटरा थाना क्षेत्र के गांव कटैया निवासी ताराचंद ने बताया कि वह अपने चार वर्षीय पुत्र शिव व साली को लेकर टेंपो से ससुराल जा रहे थे। उनकी पत्नी का ऑपरेशन हुआ था। वह घर पर ही थीं। बताया कि उनकी ससुराल भदपुरा गांव में कार्यक्रम था, जिसमें शामिल होने टेंपो से आ रहे थे।
टिसुआ में भदपुरा मोड़ के पास टेंपो रोककर बच्चे की मौसी उसे पेशाब कराने के लिए सड़क के पार गई। वापस टेंपो में बैठने के लिए आते समय तेज रफ्तार बाइक ने शिव को टक्कर मार दी, जिससे उसकी मौत हो गई। थाना प्रभारी संतोष कुमार ने बताया कि बाइक सवार की पहचान की जा रही है। तहरीर मिलने पर रिपोर्ट दर्ज की जाएगी।
घर का अकेला चिराग था शिव
बच्चे की मां का बच्चेदानी का ऑपरेशन हुआ है, जो डॉक्टरों ने किसी वजह से निकाल दी है। दूसरा बच्चा भी नहीं हो सकता है। शिव घर का इकलौता चिराग था। उसकी मौत से परिवार को गहरा सदमा लगा है। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।