बरेली। रविवार को 80 स्वास्थ्य केंद्रों पर आयोजित आरोग्य मेला में तापमान के उतार-चढ़ाव से वायरल बीमारियों की चपेट में आए मरीजों की तादाद सर्वाधिक रही। यहां करीब चार हजार मरीजों का इलाज हुआ। इनमें 30 फीसदी बुखार, सर्द-गर्म, त्वचा, पेट संबंधी विकार की समस्या से पीड़ित थे।
चिकित्सा अधीक्षक डॉ. अनुराग गौतम के मुताबिक, करीब दो माह से जारी बारिश से मौसम सामान्य है लेकिन उमस के चलते लोग पसीने से भीग रहे हैं। साफ-सफाई न होने से चर्म रोगों की चपेट में आ रहे हैं। वहीं, दिन में धूप और रात में सर्द हवा से जिनकी रोग प्रतिरोधक क्षमता कमजोर है वे बुखार, सर्द-गर्म से पीड़ित हो रहे हैं।
बारिश के मौसम में खुले में रखे खाद्य पदार्थ, कटे फल के सेवन से पेट संबंधी समस्याएं हो रही हैं। स्वास्थ्य विभाग की रिपोर्ट के अनुसार रविवार को बुखार की चपेट में रहे 10 मलेरिया के मरीज मिले। इनके आवास के आसपास निरोधात्मक कार्रवाई की गई। बाढ़ प्रभावित सैदपुर में स्वास्थ्य शिविर लगाकर दवा दी गईं। ब्यूरो