बरेली। आंवला पुलिस एसएसपी आरके भारद्वाज के पहले ही इम्तहान में फेल हो गई। तहसील और एसबीआई की गारद में लगे दो एससीपी समेत चार पुलिस कर्मी ड्यूटी से नदारद थे। पुलिस ने चारों को निलंबित कर दिया है।
गणतंत्र की रात को एसएसपी अचानक जिले में पुलिस की सक्रियता देखने के लिए निकल पड़े। उन्होंने आरआई समेत और भी टीमों को पुलिस की ड्यूटी करने को निकाल दिया। एसएसपी ने तड़के 1.54 बजे तहसील गारद का निरीक्षण करने पहुंच गए। वहां उन्हें हेड कांस्टेबिल चंद्रपाल सिंह और सिपाही संतलाल गैर हाजिर मिले। वहीं की भारतीय स्टेट बैंक की गार्द के हेड कांस्टेबिल अनिल कुमार शर्मा और सिपाही विजेंद्र सिंह भी ड्यूटी पर नहीं थे। एसएसपी ने ड्यूटी में लापरवाही बरतने के आरोप में चारों को निलंबित कर दिया। उन्होंने इसके अलावा अलीगंज, भमौरा, बिशारतगंज थाने का भी औचक निरीक्षण करके पुलिस कर्मियों को चेताया। एसएसपी ने कहा कि ड्यूटी में लापरवाही किसी भी हाल में बर्दाश्त नहीं होगी। बेसिक पुलिस तो करनी ही है। वह किसी भी अचानक थानों में पहुंचकर ड्यूटी चेक करेंगे। जिसकी लापरवाही मिलेगी उसके खिलाफ कार्रवाई होगी।