बरेली के डीडीपुरम स्थित दीपक स्वीट्स से सोमवार रात रबड़ी खाने के बाद चार लोग बीमार पड़ गए। उन्होंने प्रेमनगर थाने में शिकायत दर्ज कराई है। वहीं, एफएसडीए की टीम ने रबड़ी के नमूने लेकर जांच के लिए भेजे हैं।
बरेली के डीडीपुरम स्थित दीपक स्वीट्स से सोमवार रात रबड़ी खाने के बाद प्रेमनगर इलाके के निकट हार्टमन स्कूल निवासी राजकुमार और कोहाड़ापीर निवासी सफीकउद्दीन समेत चार लोग बीमार पड़ गए। उन्होंने प्रेमनगर थाने में शिकायत दर्ज कराई है।
विज्ञापन
शिकायतकर्ताओं ने आरोप लगाया कि रबड़ी खाने के बाद उन्हें उल्टी और दस्त की समस्या हुई। दुकान पर पहुंचने पर मैनेजर ने रबड़ी खत्म होने की बात कही और सीसीटीवी फुटेज भी नहीं दिखाई। इस बात पर मैनेजर से उनकी तीखी नोकझोंक भी हुई। खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन (एफएसडीए) की टीम ने दुकान से रबड़ी के नमूने लेकर जांच के लिए भेजे हैं।
स्वीट्स के संचालक दिलीप गुप्ता ने बताया कि ग्राहकों ने स्वाद ठीक न होने की शिकायत की थी, पर रबड़ी की गुणवत्ता ठीक थी। एफएसडीए के सहायक आयुक्त द्वितीय राहुल सिंह ने कहा कि जांच रिपोर्ट के आधार पर कार्रवाई की जाएगी।