थम रहा मलेरिया, रोकथाम के दावाें के बावजूद बढ़ते जा रहे डेंगू मरीज
बरेली। संचारी रोग नियंत्रण और दस्तक मुहिम के बावजूद डेंगू और मलेरिया के मरीजों की तादाद बढ़ती जा रही है। सप्ताह भर में चार नए मरीज मिलने से मरीजों की तादाद 31 हो गई है। डेंगू के अब तक जितने मरीज मिले हैं, उनमें से नौ मरीज ग्रामीण और 22 शहरी क्षेत्र के हैं।
जिला मलेरिया अधिकारी सत्येंद्र कुमार के मुताबिक, मलेरिया के मामले अब थम रहे हैं, जबकि डेंगू के केस बढ़े हैं। सप्ताह भर में शीशगढ़ के बल्ली गांव की 11 वर्षीय किशोरी, एल्डिको सिटी फेज दो की 44 वर्षीय महिला, महाराजपुरम कॉलोनी आंवला का 63 वर्षीय पुरुष, राजेंद्र नगर का 35 वर्षीय युवक चपेट में मिला है।
अब जिले में 31 मरीज हो गए हैं। हालांकि, पिछले वर्ष अक्तूबर के आखिरी तक मरीजों की संख्या 55 थी। इस बार आईआरएस, संवेदनशील क्षेत्रों में लार्वानाशक छिड़काव, साफ-सफाई, फॉगिंग, स्प्रे आदि कवायदों से काफी अंकुश लगा है।
बताया कि देहात में गंदगी और दवा का कोर्स अधूरा छोड़ने से मलेरिया के पैरासाइट्स उभरने से मरीज ज्यादा होते हैं। इसके अलावा संक्रमित प्रवासी लोगों के आवागमन से भी उनका खून चूसकर मच्छर संक्रमित होते हैं। हालांकि, इस वर्ष मलेरिया मरीज भी कम हैं। ब्यूरो