बरेली। शहर के एक निजी अस्पताल के बाल रोग विशेषज्ञ को मरीज के पति ने अपनी ऊंची पहुंच का हवाला दिया। डॉक्टर की मुलाकात एसडीएम सदर से कराई। इसके बाद डॉक्टर को भरोसे में लेकर उनकी जमीन की नापजोख व चहारदीवारी कराने के नाम पर चार लाख दस हजार रुपये ऐंठ लिए। पीड़ित डॉक्टर ने डीआईजी से शिकायत की, उनके आदेश पर किला थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई है।
सिटी स्टेशन के पास स्थित एक निजी अस्पताल के बाल रोग विशेषज्ञ श्रीप्रकाश मिश्रा ने किला थाना प्रभारी अचल कुमार को बताया कि उनके परिचित कर्नल ने अशोक कुमार नाम के व्यक्ति से उन्हें मिलवाया था। अशोक कुमार की पत्नी को बांझपन की समस्या थी, उनका इलाज किया तो उनको गर्भधारण हुआ। इस बीच मेलजोल बढ़ाकर अशोक कुमार ने अपनी ऊंची पहुंच का हवाला दिया। बातों में आकर श्रीप्रकाश ने करेली स्थित अपनी जमीन की नापजोख और चहारदीवारी कराने के लिए कहा।
अशोक कुमार ने उन्हें बताया कि एसडीएम सदर से उसके बहुत अच्छे संबंध हैं। उसने डॉक्टर को कार्यालय ले जाकर एसडीएम सदर से उनकी मुलाकात कराई। इस कारण अशोक की बातों पर श्रीप्रकाश को विश्वास हो गया। अशोक ने काम कराने के तीन लाख रुपये और चहारदीवारी कराने के लिए एक लाख 10 हजार रुपये लिए। अशोक कुमार तीन महीने टालमटोल करता रहा। जब रुपये लौटाने को कहा तो अशोक ने मोबाइल बंद कर लिया। किला थाना प्रभारी अचल कुमार ने बताया कि रिपोर्ट दर्ज कर मामले की जांच की जा रही है।
किसी बाल रोग विशेषज्ञ या अशोक कुमार नाम के व्यक्ति से हाल फिलहाल मेरी कोई मुलाकात नहीं हुई। वैसे सामान्य तौर पर रोज ही 25 से 30 लोगों की शिकायतें सुनते हैं और कई लोगों से मुलाकात होती है। ये क्या मामला है, मेरी जानकारी में नहीं है। - प्रमोद कुमार, एसडीएम सदर