बेखौफ बाइक सवार बदमाशों ने सैन्य क्षेत्र में कारोबारी की आंख में मिर्च पाउडर झोंककर पौने चार लाख की लूट कर ली। कैंट में बिशप कॉनराड सीनियर सेकेंडरी स्कूल के पास सरेआम वारदात अंजाम देने के बाद बदमाश भाग निकले। लूट के बाद जनपद में वाहन चेकिंग का अलर्ट किया गया, लेकिन बदमाशों को पकड़ने मेें कामयाबी नहीं मिली। कैंट थाने में लूट का मुकदमा दर्ज किया गया है।
इचौरिया गांव निवासी राम कुमार गुप्ता बुधवार दोपहर करीब दो बजे शहामतगंज की सोहन लाल एंड संस और भगवान ट्रेडिंग कंपनी को रुपये भुगतान करने जा रहे थे। राम कुमार का चोकर का थोक कारोबार है। वह बिशप कॉनराड स्कूल तक पहुंचे कि सामने की तरफ से काली बाइक सवार दो बदमाशों ने उनकी बाइक पर टक्कर मार दी। एक बदमाश पीछे से उतरा और आंखों में मिर्च पाउडर झोंक दिया। व्यापारी जमीन पर गिरकर तड़पने लगा। बदमाशों ने बाइक के हैंडिल पर टंगे बैग को उतारा और फरार हो गये। थोक कारोबारी के मुताबिक बैग में 3 लाख 76 हजार रुपये थे।
सीसीटीवी से सुराग की तलाश
कारोबारी के मुताबिक वह फुटकर दुकानदारों से रुपये इकट्ठा करने के बाद शहामतगंज व्यापारियों तक पहुंचा देता है। हर बुधवार और शनिवार को रुपया इकट्ठा करने के बाद लेकर जाता था। माना जा रहा है कि बदमाशों ने कुछ दिन पहले उसकी रेकी की होगी। कैंट के सुनसान सड़कों का फायदा उठाकर वारदात अंजाम दी गई। अब पुलिस घर से लेकर लूट के घटनास्थल तक सीसीटीवी कैमरों की फुटेज जांच रही है। बैंक एटीएम, एक दुकान के फुटेज लिये गए हैं।
एक हेलमेट में दूसरा बिना नकाब
कारोबारी के अनुसार एक बदमाश हेलमेट पहने था। जबकि दूसरे का चेहरा खुला हुआ था। बदमाशों को पहचाने जाने का डर नहीं था। वारदात के बाद सीओ प्रथम कुलदीप और कैंट इंस्पेक्टर एसएस पवार मौके पर पहुंचे। लोगों से पूछताछ करके बदमाशों का सुराग निकालने की कोशिश हुई।
चौराहे पर खड़ी थी यूपी 100
चोकर व्यापारी से लूट के वक्त बीआई बाजार में यूपी 100 गाड़ी तैनात थी। राहगीरों ने कारोबारी को संभालने के बाद यूपी 100 पुलिस को सूचना दी थी। इस दौरान करीब 15 मिनट तक कारोबारी तड़पता रहा था। यूपी 100 पुलिस व्यापारी को कैंट थाने पहुंचा दिया। मुकदमा दर्ज होने के बाद पुलिस मामले की जांच कर रही है। मौका मुआयना में पुलिस को मौके से मिर्च मिली है। व्यापारी डेढ़ घंटे बाद देखने की स्थिति में आ सका।
--
चोकर व्यापारी के साथ लूट करने वाले बाइक सवार बदमाश कम उम्र के थे। बदमाशों की तलाश के लिये सीसीटीवी कैमरे जांचे जा रहे हैं। जल्द बदमाशों को पकड़ लिया जाएगा।
-रोहित सिंह सचवाण, एसपी सिटी