बरेली। होली पर यात्रियों के दबाव को देखते हुए रेलवे ने एक अप्रैल तक अलग-अलग तारीखों में 42 विशेष ट्रेनों का संचालन किया। इसके बाद भी लंबी दूरी की नियमित ट्रेनों में यात्रियों की भीड़ कम नहीं हो रही। ऐसे में रेलवे ने चार होली विशेष ट्रेनों को एक-एक फेरा और चलाने का निर्णय लिया है।
होली के बाद अब भी पूर्वांचल और बिहार की ओर जाने-आने वाली ट्रेनों में यात्रियों की संख्या कम नहीं हुई है। 10 अप्रैल तक कन्फर्म टिकट नहीं मिल रहे हैं। इस कारण यात्रियों की सुविधा के लिए 05575 सहरसा-आनंद विहार होली विशेष ट्रेन पांच अप्रैल को एक अतिरिक्त फेरा लगाएगी। 05576 आनंद बिहार-सहरसा विशेष ट्रेन छह अप्रैल को, 05561 समस्तीपुर-आनंद विहार विशेष ट्रेन पांच अप्रैल और 05562 आनंद विहार-समस्तीपुर विशेष ट्रेन छह अप्रैल को एक-एक अतिरिक्त फेरे के लिए चलाई जाएंगी। इन ट्रेनों के संचालन का समय, रूट और ठहराव पूर्ववत रहेगा।