मुरादाबाद-शाहजहांपुर के बीच सोमवार से चार दिन ब्लॉक रहेगा। इसके चलते रोजा बरेली पैसेंजर सोमवार से पांच दिन तक रद्द रहेगी। कुछ अन्य ट्रेनें भी रद्द रहेंगी और कुछ बदले रूट से चलेंगी। रेलवे बोर्ड से इस संबंध में सभी रेलवे स्टेशनों को अवगत करा दिया है।
मुरादाबाद से शाहजहांपुर तक रेलवे ट्रैक पर कई जगह मरम्मत कार्य होगा। शाहजहांपुर, तिलहर, रसुइया, पितांबरपुर यार्ड में मरम्मत की जाएगी। स्लीपर वर्क की वजह से सोमवार को चार घंटे यानी सुबह साढ़े आठ से दोपहर 12.30 बजे तक ब्लॉक रहेगा।
फिर शुक्रवार को आठ घंटे का मेगा ब्लॉक होगा। यह सुबह साढ़े सात बजे से अपराह्न साढ़े तीन बजे तक रहेगा। शनिवार और रविवार को दिल्ली-लखनऊ रूट पर काम होंगे। दोनों दिन सुबह साढ़े सात बजे से अपराह्न 11.40 बजे तक ब्लॉक रहेगा। इस दौरान अप लाइन यानी लखनऊ से दिल्ली रूट पर गाड़ियां चलती रहेंगी।
इस ब्लॉक की वजह से नौ और दस जनवरी को राज्यरानी एक्सप्रेस रद्द रहेगी। सोमवार से शुक्रवार तक बरेली-रोजा पैसेंजर रद्द रहेगी। प्रयाग-हरिद्वार एक्सप्रेस नौ और हरिद्वार से प्रयाग एक्सप्रेस दस जनवरी को रद्द रहेगी। त्रिवेणी एक्सप्रेस दस और 11 जनवरी को नहीं चलेगी। काठगोदाम-लखनऊ एक्सप्रेस दस जनवरी को रद्द रहेगी। इस रूट की गाड़ियां डिब्रूगढ़, जननायक एक्सप्रेस समेत कुछ अन्य ट्रेनें ब्लॉक की वजह से एक से चार घंटे तक देरी से चल सकती हैं।
पीलीभीत स्टेशन पर होगा काम, छह दिन प्रभावित रहेंगी ट्रेनें
इज्जतनगर मंडल के पीलीभीत रेलवे स्टेशन यार्ड में इंटरलाकिंग कार्य की वजह से 6-11 जनवरी तक रेल संचालन प्रभावित रहेगा। इस वजह से कुछ गाड़ियों को निरस्त किया गया है और कुछ बदले समय पर चलेंगी।
इज्जतनगर मंडल के पीआरओ राजेंद्र सिंह ने बताया कि 6 जनवरी को 14555 टनकपुर-दिल्ली एक्सप्रेस को 30 मिनट टनकपुर से रीशेड्यूल कर चलाया जाएगा। इसी दिन 55363 बरेली सिटी-पीलीभीत सवारी गाड़ी को 20 मिनट शाही स्टेशन पर 14555 टनकपुर-दिल्ली एक्सप्रेस ट्रेन से क्रासिंग के लिए कंट्रोल किया जाएगा। 11 जनवरी को 75305-75306 बरेली सिटी-पीलीभीत-बरेली सिटी और 55378 टनकपुर-पीलीभीत ट्रेन रद्द रहेंगी।