फरीदपुर। लोक निर्माण विभाग और सेतु निगम की 26275. 26 करोड़ रुपये की 36 परियोजनाओं का शिलान्यास एवं लोकार्पण शनिवार को मंत्री जितिन प्रसाद ने किया। शिलान्यास होने वाले कार्यों में बुखारा रोड पर बनने वाला ओवरब्रिज भी शामिल है। जल्द यहां काम शुरू किया जाएगा।
इसके साथ ही 96 करोड़ से बनाए गए लाल फाटक पर फोरलेन ओवर ब्रिज का लोकार्पण किया। वहीं नवाबगंज विधानसभा में वीरमपुर, भदपुरा, नकटी नारायण से अमीर नगर संपर्क मार्ग पर दोहा नदी पर उत्तर प्रदेश राज्य सेतु निगम लिमिटेड द्वारा 19 करोड़ की लागत से बने सेतु का भी लोकर्पण किया। फरीदपुर विधानसभा के अंतर्गत 1.09 करोड़ की लागत से बनी 1.8 किलोमीटर लंबी सड़कों का भी लोकर्पण मंत्री ने किया। इन मार्गों के बन जाने से गुलड़िया जगत, सुकटिया, नखीबाजार और रुधौली कला आदि गांव के लोगों को लाभ मिलेगा।
फरीदपुर से बुखारा रोड पर पितांबरपुर रेलवे फाटक संख्या 352 सी पर 51.37 करोड़ रुपये की लागत से 620.65 मीटर टू लेन ओवरब्रिज के निर्माण का शिलान्यास किया। ओवरब्रिज बनने के बाद क्षेत्र की लगभग ढाई लाख आबादी को लाभ मिलेगा। फरीदपुर बुखारा होते हुए बदायूं जाने वालों के लिए सहूलियत होगी। अभी यहां पर आए दिन जाम की स्थिति बनी रहती है। मंत्री ने 11 महीने में यहां काम पूरा करने के निर्देश दिए। फतेहगंज पूर्वी से दातागंज मार्ग पर बिलपुर रेलवे क्रॉसिंग फाटक संख्या 344 ए पर 81.44 करोड़ रुपये की लागत से 707.5 मीटर ओवरब्रिज का शिलान्यास किया गया। ओवरब्रिज के निर्माण से बदायूं-फर्रुखाबाद जाने वाले वाहनों को सुविधा होगी। इससे क्षेत्र के लगभग तीन लाख आबादी को लाभ मिलेगा। कार्यक्रम में सांसद संतोष गंगवार, बीजेपी प्रदेश उपाध्यक्ष संतोष सिंह, आंवला सांसद धर्मेंद्र कश्यप, वन मंत्री डॉ अरुण कुमार, फरीदपुर विधायक डॉ. श्याम बिहारी लाल, एमएलसी कुंवर महाराज सिंह, नवाबगंज विधायक एमपी आर्या, बरेली कैंट विधायक संजीव अग्रवाल, बरेली निवर्तमान मेयर उमेश गौतम आदि मौजूद रहे।
विधायक ने मंत्री से मांगी तीन सड़कें
फरीदपुर विधायक श्याम बिहारी लाल ने ढकनी पुल से खुदागंज मार्ग, फरीदपुर से भुता मार्ग और रसूला चौराहे से रमपुरा प्रवीण मार्ग बनाने की मंत्री जितिन प्रसाद से मांग की। सांसद धमेंद्र कश्यप ने फरीदपुर- भुता मार्ग के नवीनीकरण का मुद्दा उठाया। इस पर मंत्री ने जल्द यहां काम शुरू कराने का भरोसा दिया।
गुणवत्ता में खेल किया तो अधिकारियों पर कार्रवाई
फरीदपुर। लोक निर्माण विभाग मंत्री जितिन प्रसाद ने अधिकारियों को हिदायत देते हुए कहा कि हमारी सरकार जीरो टॉलरेंस नीति के आधार पर काम करती है। ऐसे में एक-एक पैसे का सुदपयोग कर सभी जगह काम कराया जाएग। निर्माण कार्यों में मानक से कम गुणवत्ता की सामग्री का प्रयोग करने पर संबंधित के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने समय से काम पूरा करने के निर्देश दिए।
फरीदपुर क्षेत्र की लोकार्पण की गई सड़क
1- सुनौरा मुरारपुर मार्ग से गुलड़िया जगत मार्ग का निर्माण कार्य
2- धरमपुर जरौल मार्ग से चमर सुकटिया मार्ग
3- गूगल नगरिया मार्ग से नगला जस्सी में विशेष मरम्मत का कार्य
विधानसभा क्षेत्र में शिलान्यास किए जाने वाले कार्य
बुधौली धीरपुर से वेवल बरकतपुर मार्ग, गांगेपुरा से चठिया फैजू मार्ग, कुआंडांडा मार्ग, टिसुआ शिवपुरी से तराखास मार्ग, फरीदपुर बीसलपुर मार्ग से आछू बाबू की कोठी से होकर शाहबाजपुर तक मार्ग का निर्माण, फरीदपुर बीसलपुर मार्ग से किशुर्रा मार्ग, विसरिया संपर्क मार्ग, फरीदपुर भुता मार्ग के किलोमीटर सात से इमलिया संपर्क मार्ग, कुईया रामपुर संपर्क मार्ग की विशेष मरम्मत का कार्य, फरीदपुर-बीसलपुर मार्ग से चाहरपुर मार्ग की विशेष मरम्मत का कार्य, बढरा कासिमपुर मार्ग से कुरमुरी मार्ग की मरम्मत, सिंघाई कला संपर्क मार्ग की विशेष मरम्मत, फरीदपुर-खुदागंज मार्ग से नगरिया विक्रम मार्ग, टांडा सिकंदरपुर होकर, एनएच 24 से भोजपुर ओषण मार्ग की विशेष मरम्मत, बरेली-शाहजहांपुर मार्ग से रजऊ परसपुर, डगरोली से मलूकापुर तक मार्ग, रुरिया से खनपुरा मार्ग की विशेष मरम्मत, एनएच 24 के किलोमीटर 264 से दलपतपुर संपर्क मार्ग की विशेष मरम्मत, राष्ट्रीय मार्ग 24 से गूगल नगरिया मार्ग में मरम्मत एवं सुधार का कार्य सीसी मार्ग एवं नाली निर्माण सहित, बिसीपुरा संपर्क मार्ग, फरीदपुर-भुता से लाडपुर मुड़िया मार्ग, राष्ट्रीय मार्ग 24 से नवादावन मार्ग, राष्ट्रीय मार्ग 24 से नौगवां मार्ग, एनएच 24 से गौसगंज सराय घारमपुर होते हुए फतेहगंज दातागंज मार्ग का नवीनीकरण, बुखारा मानपुर से चकटिया फरीदपुर मार्ग का नवीनीकरण, फरीदपुर भुता मार्ग का नवीनीकरण, फरीदपुर खुदागंज मार्ग का नवीनीकरण।