बरेली। बारादरी इलाके में रहने वाले सेवानिवृत्त सैन्यकर्मी ने पुत्रवधू पर लेखपाल से अवैध संबंध रखने और दहेज के फर्जी केस में फंसाने का आरोप लगाया है। सैनिक की शिकायत पर बारादरी थाने में रिपोर्ट दर्ज की गई है।
सेवानिवृत्त सैन्यकर्मी ने बारादरी थाना प्रभारी धनंजय पांडेय को बताया कि उनके बेटे का विवाह पिछले साल पीलीभीत जिले के बिलसंडा इलाके की युवती से हुआ था। विवाह के बाद पता चला कि पुत्रवधू के अवैध संबंध पीलीभीत के एक लेखपाल से हैं। दोनों के बीच सोशल मीडिया पर घंटों चैट होती थी। लेखपाल की पत्नी ने चैट के स्क्रीनशॉट उन्हें भेजे थे। जब पुत्रवधू को इसकी भनक लगी तो वह घर में झगड़ा करने लगीं। मौका पाकर दहेज का सारा सामान समेट ले गई और बिलसंडा थाने में फर्जी मुकदमा दर्ज करा दिया।
जब बेटा पुत्रवधू को लेने गया तो वह जमीन, मकान उसके नाम कराने का दबाव बनाने लगी। फर्जी मुकदमे में जेल भिजवाने की धमकी दी। पुत्रवधू के पिता और भाई ने भी फोन कॉल कर गोलियों से भूनने की धमकी दी। थाना प्रभारी ने बताया कि विवेचना में स्थिति स्पष्ट की जाएगी। ब्यूरो