बरेली। फतेहगंज पश्चिमी थाना क्षेत्र में मिलिट्री इंटेलिजेंस की सूचना पर नकली नोटों के दो तस्करों की गिरफ्तारी के बाद फिर से भोजीपुरा इलाके से धंधे के तार जुड़े होने की पुष्टि हुई है। पहले यहां का कथित नेता अफसार नकली नोटों के धंधे का सरगना था। अब पूर्व प्रधान के बेटे डंपी को पुलिस टीम तलाश रही है जो गुर्गों के सहारे नेटवर्क चला रहा है।
फतेहगंज पश्चिमी थाना पुलिस ने रविवार को 51,400 रुपये के नकली नोटों के साथ दो तस्करों को गिरफ्तार किया था। इनके पास से सौ-सौ के नोट बरामद हुए थे, जिन्हें वह बाजार में चलाने जा रहे थे। इन्हें नकली नोट देने वाला डंपी फरार हो गया। उसके खिलाफ भी रिपोर्ट दर्ज की गई है। पुलिस ने जांच कराई तो पता लगा कि डंपी भोजीपुरा के चठिया गांव के पूर्व प्रधान शब्बीर का बेटा है। वह काफी समय से ठगी व हेरफेर के धंधे में है, हालांकि राजनैतिक जुगाड़ लगाकर बचता रहा है।
23 फरवरी 2023 को मेरठ व बरेली एसटीएफ इकाई ने संयुक्त रूप से भोजीपुरा के गांव भजपुरा खजुरिया गांव में दबिश दी थी। यहां कथित नेता अफसार के घर से टीम ने 26,90,100 रुपये की रकम बरामद की थी। कार्रवाई के दौरान अफसार फरार हो गया था। जबकि टीम ने अफसार के बेटे सद्दाम हुसैन, पीलीभीत के थाना हजारा निवासी गुरनाम सिंह और थाना हजारा के ही गांव भगवानपुर निवासी हरवंश को गिरफ्तार किया था। मुकदमा दर्ज करने के बाद भोजीपुरा थाना पुलिस को अफसार की गिरफ्तारी की जिम्मेदारी दी गई थी। बाद में नवाबगंज थाने के एसएसआई को विवेचना व गिरफ्तारी जिम्मेदारी दी गई थी। आज तक अफसार अली की गिरफ्तारी नहीं हो सकी है, अब दोबारा से इसी क्षेत्र में जाली नोटों की बरामदगी से इंटेलिजेंस व सुरक्षा एजेंसियां सक्रिय हो गई हैं। एसपी उत्तरी मुकेश चंद्र मिश्रा ने बताया कि फरार आरोपी की गिरफ्तारी के लिए दबिश दी जा रही है। ब्यूरो