यूरो कप की खुमारी भले ही उतर गई हो, अब शहर का देसी रोमांच देखने को मिलेगा। इसमें स्कूल के साथ मोहल्ले की टीमें भाग लेंगी। डिस्ट्रिक्ट फुटबॉल एसोसिएशन की ओर से आयोजित फुटबॉल लीग के लिए पंजीकरण शुरू हो गए हैं। 26 जुलाई से लीग शुरू हो जाएगी। गुरुवार को आठ टीमों का पंजीकरण भी हो गया। पहली बार ऐसा हो रहा है जिसमें स्कूल की टीम के साथ कालोनी और मोहल्ले के पार्कों में फुटबॉल टीमें भी इसमें भाग ले सकती हैं। फुटबॉल लीग सीनियर वर्ग का होगा। 25 जुलाई तक पंजीकरण के लिए टीमें डोरी लाल अग्रवाल स्पोर्ट्स स्टेडियम में फुटबॉल एसोसिएशन के सचिव मून रॉबिंसन से संपर्क कर सकते हैं। सचिव ने बताया कि लीग में विजेता के साथ उप विजेता और थर्ड रनरअप भी चुना जाएगा। अच्छे खिलाड़ियों को आगे बढ़ने का मौका मिलेगा। लीग में पंजीकरण कराने का शुल्क 500 रुपये तय किया गया है।
इसी बहाने हो सकेगा रजिस्ट्रेशन
सचिव रॉबिंसन ने बताया कि अगर कोई टीम जो सिर्फ शौकिया फुटबॉल खेलते हैं और उनकी एक टीम है तो वे भी इस लीग में भाग ले सकते हैं। इस बहाने उनका फुटबॉल एसोसिएशन में पंजीकरण हो जाएगा। जिससे उनको एक कार्ड भी मिलेगा।
फुटबॉल लीग में सिर्फ बरेली के खिलाड़ी खेलेंगे। इसके लिए पंजीकरण कराने वालों से फार्म में पूरी डिटेल मांगी जा रही है। बाहरी खिलाड़ी खिलाने पर टीम बाहर होगी।
मून रॉबिंसन, सचिव, फुटबॉल एसोसिएशन