फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

फूल को चुभा आयकर का कांटा : कबूतरबाजों ने उनके नाम से दिल्ली में फर्म खोल पांच साल में पहुंचाया 232 करोड़ का टर्नओवर

विज्ञापन
विज्ञापन
बरेली। किला के कंघी टोला निवासी जरी कारीगर फूल मियां के पैरों तले से उस समय जमीन खिसक गई, जब उनके पास 114 करोड़ रुपये से भी ज्यादा के बकाये का आयकर नोटिस आया। इतना ही नहीं दिन में तीन से चार सौ रुपये कमाने वाले फूल मियां के नाम से दिल्ली में चल रही फर्म ने करीब पांच साल में 232 करोड़ रुपये से ज्यादा का टर्नओवर भी कर डाला। दरअसल, उन्होंने 2018 में मोहल्ले के ही कुछ ऐसे लोगों से संपर्क किया था, जो बेरोजगार लोगों को विदेश भेजने का काम करते थे। आरोप है कि इन लोगों ने ही फूल मियां से आधार व पैन कार्ड जैसे जरूरी कागजात लेकर उनके नाम से दिल्ली में फर्म खोल ली। अब आयकर विभाग का नोटिस आने के बाद उन्होंने रिपोर्ट दर्ज कराई है।
विज्ञापन

फूल मियां ने बताया कि वे पांचवीं तक पढ़े हैं। जरी के अड्डे पर काम करते हैं। दिन के तीन से चार सौ रुपये मिलते हैं। इतने से परिवार का गुजर-बसर नहीं हो रहा था तो विदेश जाकर कमाने की सोची। इसके चलते उन्होंने मोहल्ले के गुड्डू सुंदर उर्फ उवैस से संपर्क किया जो तीन-चार बार दुबई जा चुका था। साथ ही बेरोजगारों को नौकरी के लिए विदेश भेजता था। गुड्डू ने उन्हें नन्हे उर्फ सुहेल से मिलवाया। इन लोगों ने विदेश में नौकरी लगवाने का वादा कर उनसे जरूरी कागजात ले लिए और कुछ पेपरों पर हस्ताक्षर भी कराए।
फूल मियां का आरोप है कि उवैस और सुहेल उसे लगातार नौकरी का भरोसा देते रहे। आश्वासन दिया था कि उन्होंने दिल्ली निवासी मालिक आसिफ खान उर्फ अब्दुल रज्जाक से बात कर ली है। इसके बाद कोरोना काल के नाम पर टालते रहे। इस बीच फरवरी 2024 में उनके पास आयकर विभाग का नोटिस आया। इसमें एक अरब, 14 करोड़, 43 लाख, 62 हजार 496 रुपये का टैक्स बकाया दिखाया गया है। नोटिस के अनुसार फूल मियां के नाम दिल्ली में एक फर्म है, जिसने दो अरब, 32 करोड़, 21 लाख, 22 हजार, 861 रुपये का टर्नओवर किया है। आरोप है कि आरोपियों ने आसिफ के साथ मिलकर फर्म का जीएसटी में पंजीकरण कराया है।
विज्ञापन

फूल मियां ने बताया कि फरवरी में नोटिस आने के बाद उन्होंने आरोपियों से संपर्क किया। पहले तो वे लोग सबकुछ ठीक कर देने के नाम पर टहलाते रहे। इसके बाद धमकाने लगे। तब उन्होंने एसपी सिटी को नोटिस दिखाया और पूरे घटनाक्रम की जानकारी दी। एसपी सिटी के आदेश पर आरोपियों के खिलाफ किला थाने में रिपोर्ट दर्ज की गई है।
फूल मियां बेहद गरीब व्यक्ति है। उसके नाम से फर्म बनाकर कई साल से काम किया जा रहा था। कंपनी ने दो अरब से ज्यादा का टर्नओवर किया है। नामजद आरोपियों की गिरफ्तारी की जाएगी। विवेचना में कोई और आरोपी मिला तो उसका भी नाम खोला जाएगा। - मानुष पारीक, एसपी सिटी
विज्ञापन

विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें