मेयर डा. आईएस तोमर ने अपने साथी डा. सत्येंद्र सिंह के साथ लखनऊ में बृहस्पतिवार को मुख्यमंत्री अखिलेश यादव से मुलाकात की। इस मुलाकात में मुख्यमंत्री को शहामतगंज में फ्लाईओवर निर्माण का प्रस्ताव सौंपा गया। मेयर के मुताबिक मुख्यमंत्री ने शहामतगंज में फ्लाईओवर निर्माण की स्वीकृति दे दी है। सीएम इसकी घोषणा 25 जनवरी को सपा जिलाध्यक्ष वीरपाल सिंह यादव के बेटे की शादी में करेंगे। मुख्यमंत्री ने शहामतगंज में फ्लाईओवर निर्माण के अलावा सॉलिड वेस्ट मैनेजमेंट प्लांट चलाने में आ रही कानूनी और वित्तीय अड़चनों को दूर करने, टैक्स की दरों को कम करने और बरेली में हवाई पट्टी बनाने के लिए जमीन का प्रस्ताव केंद्र को भेजने पर सहमति जताई है।
शहामतगंज में फ्लाईओवर निर्माण को लेकर मेयर डा. आईएस तोमर बृहस्पतिवार को मुख्यमंत्री से मिलने लखनऊ पहुंचे। यहां उन्होंने सीएम से मुलाकात कर नगर निगम की ओर से उनको चार प्रस्ताव सौंपे। मुलाकात के बाद देर रात बरेली वापसी के दौरान मेयर ने फोन पर बताया कि मुख्यमंत्री ने शहामतगंज में जाम की समस्या के मद्देनजर फ्लाईओवर की मांग को मंजूरी दे दी। मेयर ने बताया कि मुख्यमंत्री शहामतगंज में फ्लाईओवर निर्माण की औपचारिक घोषणा 25 जनवरी को बरेली में सपा जिलाध्यक्ष वीरपाल सिंह यादव के बेटे के शादी समारोह में करेंगे। सीएम ने सॉलिड वेस्ट मैनेजमेंट प्लांट चलाने में आ रही कानूनी और वित्तीय अड़चनों को दूर करने के निर्देश अपने डे अफसर अमित गुप्ता को दिए। मेयर ने सीएम के समक्ष टैक्स की बढ़ी दरों को अव्यवहारिक बताकर पुरानी दरें लागू करने के बोर्ड के प्रस्ताव का मामला भी रखा। सीएम ने डा. सत्येंद्र सिंह की मांग पर बरेली में हवाई पट्टी बनाने के लिए जमीन का प्रस्ताव केंद्र को भेजने का आश्वासन दिया।