भमोरा पुलिस कर रही थी आनाकानी, एसएसपी के निर्देश के बाद महिला की रिपोर्ट दर्ज
बरेली। भमोरा क्षेत्र की एक महिला का एटीएम कार्ड बदलकर शातिरों ने उसके खाते से 1.61 लाख रुपये उड़ा लिए। शिकायत पर भमोरा पुलिस ने सुनवाई नहीं की तो पीड़ित एसएसपी दफ्तर चली आई। कप्तान के निर्देश के बाद बुधवार को रिपोर्ट लिख ली गई।
यूसुफपुर गांव निवासी निशा बी ने बताया कि 11 मई को वह भमोरा की बैंक ऑफ बड़ोदा ब्रांच के एटीएम से रुपये निकालने गई थीं। उन्होंने पांच हजार रुपये निकाले। वो रुपये गिनने लगीं और एटीएम कार्ट साइड में रख दिया। इसी दौरान तीन लड़के आए और एटीएम से रुपये निकालने लगे। उन्हें पता भी नहीं चला कि कब लड़कों ने उनका एटीएम कार्ड बदल लिया है। उन्होंने 17 मई को जब अपना बैंक खाते से जुड़ा मोबाइल देखा तो पता लगा कि उनके खाते से लगातार रकम निकाली जा रही थी। अब तक करीब एक लाख 61 हजार से ज्यादा रकम निकाली जा चुकी थी। उन्होंने भमोरा थाने जाकर शिकायत की तो पुलिस ने उस पर गौर नहीं दिया और तहरीर लेकर रख ली। बुधवार को एसएसपी दफ्तर के जन शिकायत प्रकोष्ठ से पूछताछ की गई तो भमोरा एसओ ने रिपोर्ट लिख ली। पीड़ित ने बुधवार शाम बताया कि थाने से उन्हें रिपोर्ट दर्ज होने की जानकारी दी गई है।
एटीएम प्रयोग में बरतें सावधानी
पुलिस के साइबर सलाहकार, राहुल मिश्रा ने बताया कि एटीएम का प्रयोग करते समय खास सावधानी बरतने की जरूरत है। एटीएम बदलने के साथ ही लोग आपको गुप्त कोड डालते हुए देख सकते हैं। बाद में इसी पिन को इस्तेमाल करके वह आपकी रकम निकाल सकते हैं। जबकि प्रोफेशनल शातिर जो कार्ड छोड़कर जाते हैं वह किसी शख्स का पुराना या रिजेक्ट कार्ड होता है। जिससे शातिरों के पकड़ने की उम्मीद कम ही रहती है। एटीएम के पीछे लिखा तीन अंक का सीवीवी (कार्ड वैरिफिकेशन वैल्यू) भी याद करके कहीं लिख लेना चाहिए और कार्ड से मिटा देना चाहिए। वर्ना एटीएम खोने या चोरी होने के बाद इंटरनेट बैंकिंग व ऑनलाइन शॉपिंग से धोखाधड़ी होने की गुंजाइश रहती है।