बरेली। यदि सब कुछ ठीकठाक रहा तो जल्द ही अपना शहर लखनऊ के बाद सबसे ऊंचा तिरंगा फहराने वाले शहरों की सूची में शामिल हो जाएगा। यहां 41 मीटर ऊंचे मोनोमेंटल फ्लैग पोल लगाने की कवायद चल रही है। फ्लैग फाउंडेशन की पहल पर बीडीए ने गांधी उद्यान पार्क में इसके लिए जमीन तय की है। 14 लाख रुपये का एस्टीमेट भी बनाया गया है। अब इस पर एयरफोर्स की मुहर लगनी बाकी है।
लोगों में देश भक्ति की भावना जगाने के लिए फ्लैग फाउंडेशन चुनिंदा शहरों में सौ फुट से मोनोमेंटल फ्लैग पोल स्थापित करने की मुहिम में लगा है। देश का सबसे ऊंचा मोनोमेंटल फ्लैग पोल (75 मीटर) चंडीगढ़ के फरीदाबाद शहर में हैं। जबकि यूपी का सबसे ऊंचा (63 मीटर) फ्लैग पोल लखनऊ में स्थापित किया गया है। फ्लैग फाउंडेशन की ओर से चार महीने पहले गांधी उद्यान पार्क में इसके लिए सर्वे किया जा चुका है। बीडीए ने पोल स्थापित करने के लिए बजाज इलैक्ट्रिक से अनुबंध किया है। मोनोमेंटल फ्लैग पोल के आस-पास शहर की क्रांति की ऐतिहासिक जानकारी भी दी अंकित की जाएगी। चूंकि सौ फुट से अधिक ऊंचे फ्लैग पोल के लिए एयरफोर्स की अनुमति जरूरी है इसलिए बीडीए को एयरफोर्स की हां का इंतजार है।
एयरफोर्स की ओर से बीडीए के अफसरों को 12 बिंदुओं पर आपत्तियों का निराकरण करने के लिए कहा गया है। चीफ इंजीनियर अजय सिंह ने बताया कि एयरफोर्स की आपत्तियों का जवाब दिया जा रहा है। फाउंडेशन हेड केवी सिंह का कहना है कि इससे पहले झांसी में 33 मीटर ऊंचा फ्लैग पोल स्थापित किया जा चुका है। आम नागरिकों की नजर में तिरंगे का सम्मान बढ़ाने के लिए यह पहल की शुरू की गई है।