मरीज को खाना खिलाता चिकित्साकर्मी
- फोटो : अमर उजाला
संक्रमितों में सेना के जवान, कैदी, पुलिसकर्मी, बिजली कर्मी शामिल
बरेली। कोरोना संक्रमितों की तादाद के साथ ही कोरोना से मौतों का ग्राफ भी बढ़ता जा रहा है। बुधवार को इलाज के दौरान पांच संक्रमितों की मौत हो गई। इनमें दो पीलीभीत के थे। दूसरी ओर, 112 नए संक्रमित मिले हैं। बुधवार को मिले संक्रमितों में सेना के जवान, कैदी, पुलिसकर्मी, बिजली कर्मी भी शामिल हैं।
जिला सर्विलांस अधिकारी एसीएमओ डॉ. अशोक कुमार के मुताबिक, पीलीभीत के बीसलपुर कस्बे के 52 वर्षीय एक व्यक्ति और पूरनपुर की एक 65 वर्षीय महिला को बरेली कोविड अस्पताल में भर्ती कराया गया था। दोनों ही बीते दिनों संक्रमित मिले थे। इलाज के दौरान दोनों की मौत हो गई। इनके अलावा जगतपुर के रहने वाले एक संक्रमित होमगार्ड, भोजीपुरा के 67 वर्षीय बुजुर्ग और बादशाहनगर सीबीगंज की 43 वर्षीय महिला की भी इलाज के दौरान मौत हो गई। सभी की अंत्येष्टि कोविड नियम से की जाएगी।