बरेली। पांच माह की कवायद और छह बार टेंडर के बाद आखिरकार कूड़ा उठान के लिए दो फर्में चयनित की गई हैं। जोन एक से तीन तक के लिए दिल्ली की फर्म व जोन चार के लिए बरेली की फर्म को चयनित किया गया है। अनुबंध के बाद इनको जिम्मेदारी सौंप दी गई है। इनको 19 फरवरी से कूड़े का उठान करने के लिए कहा गया है। हालांकि, कंपनियों ने काम शुरू करने के लिए और समय मांगा है। एक मार्च से हर हाल में कूड़ा उठान शुरू हो जाएगा। ये दोनों फर्में नगर निगम कार्यालय परिसर में अपने-अपने आईसीसीसी (इंटीग्रेटेड कमांड एंड कंट्रोल सेंटर) स्थापित करेंगी। इससे घर-घर कूड़ा उठान की ऑनलाइन निगरानी की जाएगी।
नगर निगम ने शहर को चार जोन में बांट रखा है। आरुषि हाइजीन एंड केयर प्राइवेट लिमिटेड को जोन एक, दो व तीन की जिम्मेदारी सौंपी गई है। पीपीपी सिक्योरिटीज इम्प्लाइज सर्विस को जोन चार की जिम्मेदारी मिली है। दोनों फर्में कमांड सेंटर के जरिये कूड़ा एकत्र करने के लिए लगाई गई गाड़ियों की निगरानी करेंगी। जीपीएस और आईसीसीसी से लिंक खास डिवाइस से लैस गाड़ियां कहां, कितनी देर तक रुकीं और कहां क्या स्थिति रही? इसकी पल-पल की जानकारी मिलती रहेगी। हर घर के बाहर एक डिवाइस लगाई जाएगी। जब तक संबंधित घर तक कूड़ा गाड़ी नहीं आएगी, तब तक यह डिवाइस कंट्रोल सेंटर को कूड़ा उठाने का डाटा उपलब्ध नहीं कराएगी। इसी के जरिये कर्मचारियों की हाजिरी लगेगी। सफाई न होने पर कर्मचारी और सुपरवाइजर पर कार्रवाई होगी।
सड़क पर कूड़ा फेंका तो लगेगा जुर्माना
घर-घर कूड़ा उठाने की व्यवस्था का दायरा बढ़ाने की तैयारी है। व्यवस्था में बाधक बनने वालों पर कार्रवाई भी होगी। अभी तक शहर के 1.20 लाख घरों से कूड़ा एकत्र हो रहा है। इस संख्या को दो लाख तक पहुंचाना है। अब अगर किसी ने सड़क पर इधर-उधर कूड़ा फेंका तो जुर्माना लगेगा। आईसीसीसी से कूड़ा फेंकने वालों को भी चिह्नित किया जा सकेगा। तस्वीरों के आधार पर जुर्माना लगाने की प्रक्रिया शुरू होगी।
वर्जन
शहर में नई व्यवस्था के तहत डोर-टू-डोर कूड़ा कलेक्शन की शुरुआत हो रही है। ठेका लेने वाली दोनों फर्मों को इंटीग्रेटेड कमांड एंड कंट्रोल सेंटर बनाने के लिए कह दिया गया है। जल्द ही नई व्यवस्था लागू होगी। - निधि गुप्ता वत्स, नगर आयुक्त
-
दोनों फर्मों को 19 फरवरी से काम शुरू करने के लिए वर्क ऑर्डर जारी किए गए हैं, लेकिन फर्मोँ ने व्यवस्थाएं पूरी करने के लिए कुछ समय मांगा है। ऐेसे में हम मानकर चल रहे हैं कि पहली मार्च से नई व्यवस्था लागू हो जाएगी। कूड़ा उठाने की दरों में कोई बदलाव नहीं किया गया है। डाॅ. भानुप्रकाश, नगर स्वास्थ्य अधिकारी