बरेली। बिजली लाइनों में सुधार की वजह से रविवार को शहर के अलग-अलग बिजली उपकेंद्रों के 10 फीडरों पर पांच घंटे आपूर्ति ठप रही। इस कारण 50 हजार लोग परेशान प्रभावित हुए। परसाखेड़ा इंडस्टि्रयल एरिया में भी पांच घंटे कटौती की गई। इस कारण यहां भी काम प्रभावित हुए। कुछ फीडरों पर सुबह आठ से दोपहर एक और कुछ पर सुबह नौ से दोपहर दो बजे तक कटौती की गई।
जगतपुर उपकेंद्र के रोहली टोला और आकाशपुरम फीडरों पर सुबह आठ से दोपहर एक बजे तक कटौती की गई। परसाखेड़ा उपकेंद्र के जीटीआई, नदौसी, आम्रपाली और इंडस्टि्रयल एरिया के फीडर नंबर दो, तीन और चार पर सुबह नौ से दोपहर दो बजे तक कटौती की गई। कई इलाकों में पेयजल की आपूर्ति भी प्रभावित रही। जेई परसाखेड़ा विश्व प्रताप सिंह ने बताया कि परसाखेड़ा उपकेंद्र के पावर ट्रांसफार्मर नंबर एक की मरम्मत होनी थी। उपभोक्ताओं को पहले से इसकी सूचना दे दी गई थी।
31 जनवरी तक मरम्मत के काम पूरे होने थे, लेकिन विद्युत निगम समय से काम पूरे नहीं कर सका। शहर में स्मार्ट सिटी के तहत चल रहे लाइन और ट्रांसफार्मर शिफ्टिंग के काम भी अब तक पूरे नहीं हुए हैं। शहर में अन्य स्थानों पर भी रविवार को मरम्मत के काम किए गए। इस कारण भी करीब दो हजार उपभोक्ताओं को कटौती का सामना करना पड़ा।
शहर के कई इलाकों में पुरानी और जर्जर बिजली लाइनों को बदलने का काम भी अटका हुआ है। तीन दिन पहले पुराना शहर के नवादा शेखान में हाईटेंशन लाइन टूटने के कारण 15 घंटे तक सतीपुर फीडर की बिजली आपूर्ति ठप रही थी। फिलहाल, पुरानी लाइन की ही मरम्मत कर आपूर्ति चालू कर दी गई है। यह लाइन कभी भी फिर से टूट सकती है।
रविवार को कुछ इलाकों में मरम्मत कार्यों के कारण चार से पांच घंटे तक बिजली आपूर्ति प्रभावित रही। ज्यादातर काम पूरे कर लिए गए हैं। गर्मियों में समस्या न हो, इसको देखते हुए मरम्मत कार्य किए जा रहे हैं। - गौरव शुक्ला, एक्सईएन