प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत गरीबों को जल्दी और सस्ते ईडब्ल्यूएस आवास उपलब्ध कराने पर तेजी से काम चल रहा है। बीडीए ने पहले के बने 224 ईडब्ल्यूएस आवास पीएम आवास योजना में लेकर जल्द आवंटन की तैयारी शुरू कर दी है। पौने आठ सौ ईडब्ल्यूएस मकान बनाने के लिए बीडीए इंजीनियरों की टीम ने रामगंगा नगर में जमीन चिह्नित कर ली है। बीडीए को पीएम आवास के मकान पांच करोड़ के घाटे पर देने होंगे। हर मकान पर बीडीए को 50 हजार का नुकसान होगा, लेकिन इसकी भरपाई मध्यम वर्ग और अमीरों को दिए जाने वाले एलआईजी और एमआईजी मकानों और भूखंड आवंटन की रकम बढ़ाकर की जाएगी।
प्रधानमंत्री आवास योजना में बीडीए को एक हजार ईडब्ल्यूएस मकान बनाकर 4.5 लाख में उपलब्ध कराने का लक्ष्य दिया गया है। इसमें दो लाख रुपये लाभार्थी को देने होंगे। बाकी की 2.5 लाख रुपये केंद्र और राज्य सरकार मिलकर वहन करेंगे। इनमें 1.5 लाख रुपये केंद्र और एक लाख रुपये राज्य सरकार देगी। मतलब, लाभार्थी को ईडब्ल्यूएस मकान केवल दो लाख रुपये में मिलेगा। रामगंगा नगर में बनवाए गए प्रत्येक ईडब्ल्यूएस मकान की लागत पांच लाख रुपये आ रही है। बीडीए को प्रति आवास 50 हजार का नुकसान हो रहा है। इसके लिए बीडीए ने रामगंगा नगर आवासीय योजना में पुराने बने 224 ईडब्ल्यूएस आवासों को भी पीएम आवास योजना में लाकर दिवाली से पहले आवंटन की रुपरेखा तैयार कर ली है। 776 मकानों के निर्माण के लिए रामगंगा नगर में ही जमीन का सर्वे कर डिटेल प्रोजेक्ट रिपोर्ट (डीपीआर) बनकर लगभग तैयार है। इसको इसी हफ्ते शासन को भेजा जाना है।
कोट--
प्रधानमंत्री आवास योजना में डीपीआर बनाने का काम तेजी से चल रहा है। रामगंगा नगर में पहले के बने 224 ईडब्ल्यूएस आवासों को इसी योजना में लाकर लाभार्थियों को आवंटित कर देंगे। इसमें जो नुकसान होगा, उसकी पूर्ति एलआईजी और एमआईजी मकानों के आवंटन में की जाएगी। - डॉ. सुरेंद्र कुमार पांडेय, उपाध्यक्ष, बीडीए