बरेली। लोकसभा चुनाव के तीसरे चरण में सोमवार को बरेली और आंवला सीट से प्रत्याशियों ने नामांकन पत्र दाखिल किया। बरेली सीट से भाजपा प्रत्याशी छत्रपाल सिंह गंगवार ने दोपहर 12.10 बजे दो सेट में और अपराह्न 1.45 बजे फिर से दो सेट परचा दाखिल किया। उनके साथ जलशक्ति मंत्री स्वतंत्र देव सिंह, सांसद संतोष गंगवार, विधायक संजीव अग्रवाल, मेयर उमेश गौतम व अन्य लोग मौजूद रहे।
इससे पहले सुबह 11.10 बजे आंवला सीट से भाजपा प्रत्याशी धर्मेंद्र कश्यप ने परचा दाखिल किया। अपराह्न दो बजे वह फिर से बिथरी विधायक राघवेंद्र शर्मा, आंवला जिलाध्यक्ष आदेश प्रताप के साथ एक सेट परचा दाखिल किया।
इससे पहले जुलूस की शक्ल में नारेबाजी करते हुए समर्थक प्रत्याशी को लेकर बैरियर पर पहुंचे। बैरियर पर पुलिसकर्मियों ने प्रत्याशी समेत सिर्फ चार लोगाें को ही प्रवेश की अनुमति दी। पार्टी के कुछ अन्य पदाधिकारी और समर्थक अंदर घुसने लगे तो फोर्स से उनकी नोकझोंक हुई। प्रत्याशी और वरिष्ठ पदाधिकारियों के समझाने पर अन्य पदाधिकारी और समर्थक शांत हुए।
इन्होंने भी दाखिल किया परचा
वंचित समाज इंसाफ पार्टी से लईक अहमद अंसारी, जनशक्ति एकता पार्टी से रोहताश कुमार, निर्दलीय नितिन मोहन ने भी परचा दाखिल किया। बरेली सीट से निर्दलीय प्रत्याशी के रूप में चौधरी अवध किशोर भुर्जी ने एक सेट परचा लिया। आंवला सीट से बसपा प्रत्याशी सैयद आबिद अली ने चार, सरदार पटेल सिद्धांत पार्टी के राजकुमार वर्मा ने एक, निर्दल अकील अली ने एक, अपना दल के नफीस अंसारी ने एक सेट परचा लिया।