बरेली। देहात के परमिट पर शहर में दौड़ने वाले ऑटो के खिलाफ कार्रवाई करते हुए शनिवार को पांच ऑटो सीज किए गए। साइलेंसर मॉडिफाइड कराने पर दो बाइक चालकों पर भी 35 हजार का जुर्माना लगाया गया। इनमें एक बाइक चालक के पास ड्राइविंग लाइसेंस नहीं था। उस पर 20 हजार जुर्माना लगाया गया।
परिवहन विभाग की टीम ने शनिवार को पीलीभीत बाइपास और बीसलपुर रोड पर अभियान चलाया। जिन ऑटो को पकड़ा गया उनमें तीन ऑटो ऐसे थे जिनका रंग बदल कर शहर में चलाया जा रहा था। शहर में चलने वाले ऑटो का रंग हरा और देहात परमिट का पीला होता है। पीले रंग के ऑटो को हरे रंग में कर दिया गया था। परमिट की जांच के बाद इनको सीज कर दिया गया। नवदिया झादा के पास पीटीओ रमेश प्रजापति ने दो पहियावाहनों के खिलाफ कार्रवाई की। एक वाहन को ओवर लोडिंग में सीज किया गया। एक कार पर 20 हजार का जुर्माना लगाया गया और एक ट्रैक्टर को भी सीज कर दिया गया। ट्रैक्टर का इस्तेमाल कृषि कार्य में पंजीकरण के स्थान पर व्यवसायिक कार्य में किया जा रहा था। संवाद