बारिश और तेज हवाओं से फसलें बर्बाद होने के बाद किसानों के सामने अब बची-खुची फसलों की सिंचाईं का संकट खड़ा हो गया है। जिले के 97 नलकूपों में विभिन्न खामियों के चलते ताले लटके हुए हैं। किसान नलकूप सही कराने के लिए अफसरों के चक्कर काट रहे हैं, लेकिन कोई सुनने को तैयार नहीं है। डीएम राघवेंद्र विक्रम सिंह ने किसानों की शिकायतों पर नलकूप खंड प्रथम और ग्रामीण क्षेत्र के विद्युत अभियंताओं को सभी नलकूपों को तत्काल चालू कराने के निर्देश दिए हैं।
डीएम ने नलकूप खंड प्रथम के अधिशासी अभियंता को लिखी चिट्ठी में कहा है कि जिले में 35 नलकूप में बिजली की कमी की वजह से बंद हैं। 10 नलकूप तकनीकी खराबी के कारण काम नहीं कर रहे हैं और 62 नलकूपों में लो वोल्टेज की वजह से ताले लटके हैं। इससे किसानों को फसलों की सिंचाई में दिक्कत आ रही है। बंद पड़े नलकूप अभी तक सही नहीं हो पाए हैं। बिजली विभाग के अफसरों के सहयोग से सभी नलकूपों को तुरंत चालू कराया जाए।