सीबीगंज। दिल्ली से लौट रहे पीलीभीत जिले के निवासी मां-बेटों की कार का एक टायर बड़ा बाइपास पर परधौली गांव के पास पंक्चर हो गया। हाईवे किनारे झाड़ियों से निकले चार बदमाशों ने पहले टायर बदलने में उनकी मदद की और फिर 27 हजार रुपये व जेवर लूटकर भाग गए। पुलिस ने अज्ञात लुटेरों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की है।
पीलीभीत के सुनगढ़ी थाना क्षेत्र के मोहल्ला गोपाल सिंह निवासी नीतेश अग्रवाल के मुताबिक वह अपनी मां मीना अग्रवाल, भाई संदीप अग्रवाल, पांच वर्षीय बेटे अयान के साथ कार से दिल्ली गए थे। मंगलवार रात वह घर लौट रहे थे।
रात साढ़े दस बजे बड़ा बाइपास पर परधौली तिराहे व ट्यूलिया गांव के बीच उनकी कार का एक टायर पंक्चर हो गया। इसी दौरान झाड़ियों से चार लोग निकले। उनमें से तीन के पास लाठी थी। सभी के चेहरों पर कपड़े बंधे थे।
वह कुछ समझ पाते, इससे पहले ही इन लोगों ने उनकी मदद करनी शुरू कर दी। टायर बदलने के बाद आरोपियों ने कहा कि तुम्हारे पास जो भी है, उसे बाहर निकालो।
इसके बाद एक बदमाश ने तमंचा निकालकर उनकी कनपटी पर लगा दिया। अन्य बदमाशों ने नीतेश की जेब में रखे करीब 12 हजार रुपये, एक चांदी की अंगूठी, संदीप के पास से 15 हजार रुपये, उनकी मां के गले से सोने की चेन, कानों के टॉप्स आदि लूट कर भाग गए। पीड़ित भी पुलिस को सूचना दिए बिना चुपचाप अपने घर चले गए। बुधवार शाम वह सीबीगंज थाने पहुंचे और पुलिस को घटना की जानकारी दी। इंस्पेक्टर सुरेश चंद्र गौतम ने बताया कि रिपोर्ट दर्ज कर जांच की जा रही है। संवाद