वारदात के बारे में लोगों से जानकारी लेती पुलिस।
- फोटो : अमर उजाला ब्यूरो, बरेली
दूसरे पक्ष के दो लोग गंभीर रूप से घायल
गोला गोकर्णनाथ (लखीमपुर खीरी)। मोहल्ला तीर्थ मिल डायवर्जन रोड पर मोबाइल टावर पर कब्जेदारी को लेकर दो पक्षों में कई राउंड फायरिंग हुई। गोली लगने से एक पक्ष के संजय तिवारी की मौत हो गई। इसके अलावा दूसरे पक्ष के राकेश बाजपेयी उर्फ सीनियर वाजपेयी और उनका पुत्र अभय बाजपेयी (15) गंभीर रूप से घायल हो गया।
बुधवार की रात करीब दस बजे मिल डायवर्जन रोड स्थित टिकट मोहल्ले में चंदेली धर्मशाला चौराहे पर दो पक्षों में मोबाइल टावर पर कब्जेदारी को लेकर फायरिंग हुई थी। गोली लगने से मोहल्ला तीर्थ निवासी संजय तिवारी (46) की मौके पर ही मौत हो गई, वहीं दूसरे पक्ष के राकेश बाजपेयी उर्फ सीनियर बाजपेयी (45) और उनका पुत्र अभय वाजपेयी (15) गोली लगने से गंभीर रूप से घायल हो गए। दोनों को गोला सीएचसी ले जाया गया, जहां से उन्हें जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया है। सूचना पर सीओ एसएन तिवारी और प्रभारी निरीक्षक अरविंद कुमार पांडे मौके पर पहुंच गए।
आधा घंटे तक मौके पर पड़ा रहा शव
फायरिंग दोनों पक्षों की तरफ से हुई, जिस पक्ष के एक व्यक्ति की मौत हुई है उसके घर पर मातम पसरा है। बताया जाता है कि दूसरे पक्ष की तरफ से चली गोली से संजय तिवारी की मौके पर ही मौत हो गई। करीब आधा घंटे तक शव मौके पर ही पड़ा रहा। बवाल के बाद लोगों ने जब पुलिस को सूचना दी तो घटना के करीब आधे घंटे बाद पुलिस पहुंची और रोते बिलखते परिवार को कार्रवाई का आश्वासन देते हुए समझा बुझाकर शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भिजवा दिया। वहीं दूसरे पक्ष के राकेश वाजपेयी और उनके पुत्र अभय वाजपेयी सड़क पर घायल अवस्था में पड़े मिले, जिन्हें पुलिस के पहुंचने के बाद सीएचसी ले जाया गया, जहां गंभीर हालत के चलते उन्हें जिला अस्पताल रेफर किया गया। संवाद