बरेली में मौलाना तौकीर रजा के भतीजे फैज रजा की कार पर मंगलवार रात अज्ञात हमलावरों ने फायरिंग कर दी। उनकी कार में गोली लगी है। हमले में फैज बाल-बाल बचे।
बरेली में इत्तेहाद-ए-मिल्लत काउंसिल (आईएमसी) मौलाना तौकीर रजा खां के भतीजे फैज रजा खां की कार पर मंगलवार रात अज्ञात हमलावरों ने फायरिंग कर दी। घटना बड़ा बाइपास पर बिलवा पुल के पास हुई। इससे सनसनी फैल गई। कार पर चली गोली दरवाजे पर लगी। कार सवार फैज और उनके साथी बाल-बाल बच गए। इज्जतनगर और कोतवाली पुलिस मामले की जांच कर रही है।
विज्ञापन
बताया जा रहा है कि फैज रजा नैनीताल रोड स्थित दोहना टोल प्लाजा पर चाय पीने जा रहे थे। फैज के मुताबिक रात करीब 11 बजे जैसे ही उनकी कार बिलवा पुल के पास पहुंची, अचानक बाइक सवार बदमाशों ने फायर झोंक दिया।
गोली लगते ही कार में बैठे फैज रजा के साथी गाड़ी लेकर तेज़ी से निकले और सीधे कोतवाली पहुंचे। पूरी घटना की जानकारी दी। सूचना मिलते ही दरगाह से जुड़े लोग बड़ी संख्या में कोतवाली पहुंच गए।
सीओ प्रथम आशुतोष शिवम और कोतवाली इंस्पेक्टर अमित कुमार पांडे तत्काल इज्जतनगर पुलिस से संपर्क कर मौके पर पहुंचे। हमलावरों की तलाश के लिए सीसीटीवी फुटेज देखी जा रही है। एसपी सिटी मानुष पारीक ने बताया कि आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए टीम बनाई गई है। जल्द ही घटना का अनावरण किया जाएगा।