सोमवार को बानखाना निवासी दरोगा के बेटे को उसके साथी तसलीम और जैनुल बाइक पर बैठाकर शील चौराहे के पास स्थित विजन कोचिंग के सामने ले गए। उनके कुछ और साथी विजन कोचिंग में पढ़ते हैं। कोचिंग से निकलने के बाद गुलाबनगर में रहने वाले रिटायर सीओ के बेटे से तसलीम और जुनैद और दरोगा के बेटे का विवाद हो गया। सीओ के बेटे के साथ भी कई लोग थे। दोनों गुटों में जमकर मारपीट होने लगी। इसी दौरान इन्हीं लड़कों में से किसी ने फायरिंग कर दी। पुलिस पहुंची तो दो युवक पकड़ में आ गए। मौकै से एक तमंचा भी मिल गया। पकड़े गए दोनों ही युवक एक-दूसरे पर फायरिंग करने का आरोप लगा रहे हैं। दरोगा और सीओ ने बातचीत करके मामला निपटा लिया है। हालांकि इस घटना की जानकारी व्हाइट्स एप के जरिए पुलिस के आला अधिकारियों तक भी पहुंच गई। एसपी सिटी को भी मीडिया कर्मियों के सवालों का सामना करना पड़ा। प्रभारी निरीक्षक देवेश सिंह ने बताया कि कोचिंग के सामने छात्रों में किसी बात को लेकर विवाद हुआ था। फायरिंग किसने की इसकी जानकारी नहीं हो पाई। मौके से तमंचा मिला है। किसी की तरफ से तहरीर नहीं आई है। तहरीर आएगी तो मुकदमा दर्ज करके कार्रवाई कर देंगे।