हाफिजगंज। बड़ा बाईपास पर इज्जतनगर की चौकी अहलादपुर के पास शुक्रवार रात एक ऑडी कार में आग लग गई। कार में सवार मुरादाबाद के पाकवाड़ा निवासी मोहम्मद रजा और उनके साथी ने बमुश्किल अपनी जान बचाई।
पुलिस के मुताबिक शुक्रवार रात करीब दस बजे हरियाणा नंबर की ऑडी में सवार दो लोग मुरादाबाद से लखनऊ जा रहे थे। जैसे ही विलय धाम से कुछ आगे बढ़े कार में पटाखे जैसी आवाज सुनाई दी। उन लोगों ने कार रोककर बोनट खोला तो उसमें आग लगी हुई थी। उन्होंने आग बुझाने का प्रयास किया और आसपास मौजूद लोग भी उनकी मदद करने लगे। मगर कार से तेज लपट उठने लगीं तो वे लोग कार से दूर भाग गए। सूचना पर अहलादपुर चौकी इंचार्ज संदीप सिंह वहां पहुंचे और फायर ब्रिगेड को बुलाया। कुछ देर की मशक्कत के बाद आग को बुझा लिया गया। चौकी इंचार्ज ने बताया कि कार सवार ने पुलिस से संपर्क नहीं किया है। मगर पहले से वहां पहुंचे लोगों को उनमें से एक व्यक्ति ने अपना नाम पाकवाड़ा निवासी मोहम्मद रजा बताया था।