बानखाना के जनरल स्टोर, हेयर कटिंग सैलून और त्रिलोक विहार के घर में भी आग से हुआ भारी नुकसान
विज्ञापन
सभी जगह शार्ट सर्किट से लगी आग, शनिवार रात से रविवार सुबह तक दौड़ी फायर ब्रिगेड ने पाया काबू
बरेली। देर रात बंद दुकानों और संस्थानों में शार्ट सर्किट से आग का कहर जारी है। शनिवार रात से रविवार सुबह तक चार जगह अग्निकांड में लाखों का नुकसान हो गया। हालांकि दमकल स्टाफ की तत्परता से कहीं जनहानि नहीं हुई। रविवार सुबह प्रेमनगर क्षेत्र के एक निजी अस्पताल के महिला वार्ड में आग लग गई। इससे अस्पताल में अफरातफरी मच गई। स्टाफ भाग खड़ा हुआ। सूचना मिलते ही दमकल स्टाफ पहुंच गया। देर रात बानखाना के एक जनरल स्टोर और हेयर कटिंग सैलून में आग लग गई। उधर, त्रिलोक विहार के एक घर में लगी आग में चार बच्चे फंस गए, लेकिन पड़ोसियों ने उन्हें सकुशल निकाल लिया।
तीसरी मंजिल पर महिला वार्ड में लगी आग तो दौड़ी दमकल
रविवार सुबह पांच बजे दीनदयालपुरम स्थित एक निजी अस्पताल के हाई डिपेंडेंसी यूनिट (एचडीयू) महिला वार्ड में आग लग गई। बताते हैं कि उस वक्त वार्ड में चार-पांच मरीज थे। स्टाफ ने तत्काल मरीजों को बाहर निकाल लिया। आग की लपटें तेज होने के साथ ही वार्ड में धुआं भरा तो स्टाफ भी जान बचाकर नीचे भाग गया। तीमारदारों के मुताबिक फायर अलार्म बजाने में स्टाफ ने करीब पांच मिनट लगा दिए। अस्पताल के सुरक्षा स्टाफ ने अपने संसाधनों से आग बुझाने का काम शुरू किया तो दमकल को भी सूचना दे दी। एफएसओ रवीश कुमार दमकल लेकर पहुंच गए। अस्पताल स्टाफ ने ही काफी हद तक आग पर काबू पा लिया था। अस्पताल संचालक ने बताया कि स्टोर के पास आग लगी थी। मरीज उस जगह से दूर वार्ड में थे। उन्हें दूसरे वार्ड में शिफ्ट कर दिया गया। किसी मरीज या तीमारदार को नुकसान नहीं पहुंचा है। एफएसओ ने बताया कि अस्पताल में अग्निशमन के इंतजाम और निकास के रास्ते दुरुस्त थे, इसलिए ज्यादा दिक्कत नहीं आई। जांच में पता लगा कि आग शार्टसर्किट से लगी थी।
बानखाना में थोक किराना स्टोर के साथ सैलून भी खाक
बानाखाना निवासी महताब की केजीएन कंफेक्शनर्स के नाम से घर के पास ही दुकान है। बेटे मुनीर ने बताया कि पिता के साथ वह यहां थोक में नमकीन, बिस्कुट आदि बेचते हैं। वह पिता के साथ शनिवार रात नौ बजे दुकान बंद कर घर गए थे। रात एक बजे के बाद दुकान में शॉर्टसर्किट से आग लगने की सूचना मिली। मुनीर तुरंत मौके पर पहुंचे और सूचना देकर फायरब्रिगेड बुला ली। इससे पहले आग इतनी भीषण हो गई कि दीवार के जंगले में होकर पड़ोस के फेस टू फेस मेंस पार्लर को भी चपेट में ले लिया। पार्लर के मालिक शाहरुख भी पड़ोस में रहते हैं। दमकल के साथ ही दुकानदारों ने भी आग बुझाने में मदद की पर किराना स्टोर पूरी तरह राख हो गया। मेंस पार्लर में भी काफी नुकसान हुआ।
सब्जी विक्रेता के घर में आग, पड़ोसियों ने बच्चों की जान
इज्जतनगर के त्रिलोक विहार में एक सब्जी विक्रेता के घर में आग लग गई। प्रेम सिंह सब्जी बेचने का कार्य करते हैं। शनिवार देर रात उनके घर में आग लग गई। घटना के दौरान प्रेमसिंह के चार बच्चे ही घर में थे। आग लगने पर चीखपुकार मच गई। शोर सुनकर पड़ोसियों ने बच्चों को बाहर निकाला और फायरब्रिगेड को सूचना दी। प्रेमसिंह ने बताया कि सामान के साथ बचत की बीस हजार की नकदी भी जल गई। पड़ोस में रहने वाले पार्षद उदित सक्सेना ने परिवार की सहायता की और उनके लिए रजाई व खाने पीने की चीजों का इंतजाम किया। पार्षद ने प्रशासन से बात कर आर्थिक सहायता दिलाने का आश्वासन भी परिवार को दिया है।