बरेली-पीलीभीत हाईवे पर शुक्रवार रात चलती वैन में आग लग गई। वैन सवाराें ने कूदकर जान बचाई। ग्रामीणों की सूचना पर पहुंची फायर ब्रिगेड ने मशक्कत के बाद आग को काबू किया। आग गैस किट में लीकेज होने से लगने की बात कही जा रही है।
बरेली-पीलीभीत हाईवे पर गरगइयां गांव के पास शुक्रवार रात आठ बजे के करीब मारुति वैन में अचानक आग लग गई। ड्राइवर के वैैन की गति धीमी करते ही उसमें सवार सभी लोग कूद गए। थोड़ी ही देर में वैन धू-धू कर जलने लगी।
घटना स्थल से थोड़ी ही दूर स्थित फायर स्टेशन के कर्मी तत्काल मौके पर पहुंच गए। कर्मियों ने मशक्कत के बाद आग पर काबू कर लिया।
फायर स्टेशन प्रभारी राजपाल तोमर ने बताया कि वैन में लगी गैस किट में लीकेज से आग लगने की बात सामने आई है। वैन सवारों की जानकारी नहीं मिल सकी है। आग पर समय रहते काबू पा लिया गया, वरना सिलिंडर फटने से बड़ा हादसा हो सकता था।