बरेली होकर काठगोदाम जाने वाली बाघ एक्सप्रेस (13019) में शनिवार देर रात एक्सएल हॉट होने से एसी कोच में आग लग गई। धुआं जब कोच के अंदर पहुंचने लगा तो इसमें सवार यात्रियों में हड़कंप मच गया। घटना बालामऊ और हरदोई के बीच बघौली स्टेशन के पास हुई। वहां से दूसरे वाहन में बैठकर मुसाफिर बरेली आए। बरेली जंक्शन पर दूसरा कोच लगाकर ट्रेन को रवाना किया गया।
शनिवार रात दो बजे यह घटनाक्रम हुआ। लखनऊ से आ रही बाघ एक्सप्रेस में बघौली स्टेशन से पहले अचानक बी-1 कोच में धुआं घुटने लगा। इससे यात्रियों को सांस लेने में दिक्कत होने लगी। कोच में बैठे यात्रियों में चीखपुकार मच गई। जब पता लगा कि आग लगी है तो मुसाफिर इधर-उधर भागने लगे। तब गार्ड की सूचना पर ट्रेन को बघौली स्टेशन पर रोका गया।
यहां मैकेनिकल टीम मौके पर आई और जांच की। पता लगा कि एक्सएल हॉट होने से संबंधित कोच के एक सीमित हिस्से में आग लगी थी। यहां काफी धुआं निकल रहा था। तत्काल ही आग पर काबू किया गया। इस बीच इस कोच में बैठे यात्रियों ने जमकर हंगामा किया। कहा कि वे महंगा रिजर्वेशन कराकर बैठे हैं, उन्हें परेशानी नहीं होनी चाहिए। अधिकारियों ने कोच को वहीं पर ट्रेन से अलग कर दिया।
बघौली स्टेशन से ही यात्री बरेली तक दूसरे कोचों में सवार होकर लाए गए। सुबह करीब आठ बजे ट्रेन बरेली आई। इससे पहले स्टाफ को सूचना दी जा चुकी थी। यहां दूसरा एसी कोच ट्रेन में लगाया गया। इसके बाद ट्रेन काठगोदाम को रवाना हुई। कुछ यात्रियों ने असुविधा की शिकायत रेल मंत्री को ट्वीट करके दी है। मामले की जांच के आदेश दिए गए हैं। अधिकारियों के मुताबिक हावड़ा में एसी कोच की रिपेयरिंग ठीक से न होने की वजह से यात्रियों को समस्या हुई।