बरेली। शहर के पॉश इलाके रामपुर गार्डन में स्थित एक रेडियोलॉजी सेंटर के बिजली पैनल में मंगलवार सुबह आग लग गई। सेंटर संचालक की सूचना पर पहुंची फायर ब्रिगेड ने दीवारों पर पानी की बौछार कर मशीनों को सुरक्षित किया।
रामपुर गार्डन में कई निजी अस्पताल हैं। सुबह करीब पांच बजे जब रेडियोलॉजी सेंटर के बिजली पैनल में आग लगी तो यहां गार्ड ही मौजूद था। सेंटर के संचालक चिकित्सक का आवास भी ऊपरी मंजिल पर है। आग लगने की जानकारी पर वह नीचे उतर आए और फायर स्टाफ को सूचना दे दी। तब तक आग ने फिटिंग वाले पाइपों को जद में ले लिया।
प्रभारी सीएफओ संजीव कुमार टीम के साथ मौके पर पहुंचे। उन्होंने बताया कि दमकल की बड़ी गाड़ियों के पानी की धार से महंगी मशीनें खराब होने का खतरा था, इसलिए विशेष बाइक पंप से दीवारों पर पानी की बौछार करके पहले पाइपों को ठंडा किया गया, फिर आग पर आसानी से काबू पा लिया गया।
सेंटर संचालक ने बताया कि आग लगने की वजह शाॅर्ट सर्किट ही रही होगी। सभी मशीनें व उपकरण सुरक्षित हैं। ब्यूरो